Indore Road Accident: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां भूसे से भरे एक ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई और 9 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग शादी समारोह में गए थे। जहां से लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने ट्रक में आग लगाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया।
देवास से इंदौर लौटते समय हादसा
पुलिस के अनुसार, यह हादसा इंदौर-नेमावर रोड पर करीब 1:30 बजे हुआ। कार सवार लोग इंदौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये सभी देवास जिले में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। जहां से वापस इंदौर आते समय उनकी मल्टी-यूटिलिटी व्हीकल (MUV) को ट्रक ने टक्कर मार दी। यह हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान मोहम्मद फरहान (19), आरिश अली (20) और मोहम्मद इरफान (24) के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए नौ लोगों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए इंदौर के महाराजा यशवंतराव अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद ड्राइवर फरार
हादसे के बाद ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रक में आग लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने समय रहते हालात को काबू कर लिया और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
