Ghaziabad: साहिबाबाद के लोगों के लिए खुशखबरी है। रैपिड रेल के साहिबाबाद स्टेशन को वसुंधरा से जोड़ने के लिए बन रहा फुटओवर ब्रिज (एफओबी) का सिविल वर्क पूरा हो गया है। नैशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एनसीआरटीसी) के अनुसार अब यहां पर इलेक्ट्रिक टीम कार्य कर रही है। इसके अलावा यहां पर फिनिशिंग और रूफिंग का कार्य भी किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि यह एफओबी एक माह के अंदर पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। जिसके बाद इसे खोलने का निर्माण लिया जाएगा। इस फुट ओवरब्रिज के खुलने के बाद वसुंधरा व उसके आसपास रहने वाले लोग बगैर किसी परेशानी के इस एफओबी की मदद से साहिबाबाद स्टेशन पहुंच सकेंगे।
इसके अलावा यह फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल वसुंधरा की तरफ से साहिबाबाद बस अड्डे आने-जाने वाले यात्री भी कर सकेंगे। यात्रियों को मदन मोहन मालवीय मार्ग को पार करके स्टेशन पर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस फुट ओवरब्रिज की मदद से यात्री सीधे स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल पर पहुंचेंगे। अधिकारियों ने बताया कि, यह फुटओवर ब्रिज वसुंधरा के लोगों को बड़ी राहत देगा। इसे रैपिड रेल के पहले खंड में यात्रा शुरू होने से पहले ही यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।
