गाजियाबाद

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बड़ा बदलाव: 1 दिसंबर से पीक आवर्स में बंद रहेगा ये लूप

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को एनएच-9 से जोड़ने वाला लूप सोमवार से सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक बंदे रहेगा। एबीएस कॉलेज के पास लगने वाले जाम और यहां होने वाले हादसों को कम करने के लिए एनएचएआई ने यह फैसला किया है। लेकिन क्रांसिंग रिपब्लिक और प्रताप विहार के लोगों को इससे परेशानी हो सकती है।

Image

सांकेतिक फोटो

Delhi Meerut Expressway: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है। सोमवार यानी 1 दिसंबर से एक्सप्रेसवे को एनएच-9 से जोड़ने वाला घुमावदार लूप पीक आवर्स में बंद रहेगा। NHAI ने इसे सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक बंद रखने का फैसला किया है। एबीएस कॉलेज के पास लगने वाले भीषण जाम और हादसों को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

क्रॉसिंग रिपब्लिक निवासियों की मांग पर खुला था लूप

डीएमई को एनएच-9 से जोड़ने वाला लूप लगभग एक साल पहले क्रॉसिंग रिपब्लिक के निवासियों की मांग पर खोला गया था। जिससे उन्हें एनएच-9, एक्सप्रेसवे और शाहबेरी रोड तक पहुंचने में आसानी हो गई थी। लेकिन अब अतिरिक्त कट इस हाई-स्पीड कॉरिडोर पर बाधा बन गया है। समय के साथ यह सबसे अधिक हादसों वाला क्षेत्र भी बन गया। जिसके बाद एनएचएआई ने सुरक्षा कारणों और सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए पीक आवर्स में इस लूप को बंद करने का फैसला किया।

लूप बंद होने से इन लोगों को परेशानी

लूप बंद होने से क्रॉसिंग रिपब्लिक और प्रताप विहार के निवासी संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि इस फैसले के बाद उन्हें फिर उसी परेशानी का सामना करना पड़ेगा, जिसका हल पाने के लिए इसे पहले खोला गया था। उनके अनुसार एक बार फिर शाहबेरी रोड और एनएच-9 तक पहुंचना लंबा और कठिन हो जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार डीएमई और एनएच-9 पर रोजाना लगभग 4 लाख पैसेंजर कार यूनिट (PCU) का यातायात दर्ज किया जाता है। जिसमें से करीब 50,000 पीसीयू सिर्फ एक्सप्रेसवे पर ही दौड़ते हैं। ऐसे में इस लूप के खुलने से हाई-स्पीड कॉरिडोर पर भारी ट्रैफिक जाम और खतरनाक मर्जिंग की स्थिति बनने लगी। एनएचएआई के एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ तक एक्सेस-नियंत्रित, निर्बाध यात्रा के लिए बनाया गया था। लेकिन स्थानीय सुविधाओं के लिए खोला गया यह अतिरिक्त कट अब सबसे अधिक दुर्घटना वाला क्षेत्र बन गया है। विस्तृत मूल्यांकन के बाद अधिकारियों ने इसे पीक आवर्स में बंद करने का फैसला किया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article