गाजियाबाद

मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल, दूसरा कांबिंग में पकड़ा गया

Muzaffarnagar News: यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्गी कराया गया। वहीं मौका देख भाग रहे आरोपी को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया।

Image

मुजफ्फरनगर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ (फोटो - Canva)

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बुधवार की देर रात थाना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश का दूसरा साथी पुलिस की कांबिंग के दौरान पकड़ा गया।

मोटरसाइकिल समेत लूट के पैसे किए बरामद

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान इदरीश पुत्र अनीश निवासी महावतपुर थाना सिविल लाइन, रुड़की (हरिद्वार) के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथी निहाल उर्फ रिहान पुत्र नसीर आलम, जो उसी गांव का रहने वाला है, को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, चाकू, मोटरसाइकिल और लूट के 4,500 रुपए बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई

घटना के संबंध में सीओ सिटी राजू कुमार साव ने बताया कि बुधवार को दिन में ही आस मोहम्मद पुत्र मुश्ताक निवासी बिलासपुर थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर ने पुलिस को तहरीर दी थी कि दो अज्ञात बदमाशों ने उनके पिता से पैसे लूट लिए और विरोध करने पर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की वारदात में शामिल बदमाश ए-टू-ज़ेड रोड की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई।

पुलिस मुठभेड़ में बदमाश हुआ घायल

सीओ राजू कुमार साव ने कहा, "जब पुलिस ने बदमाशों को घेरा, तो उन्होंने जान से मारने की नियत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। दूसरा बदमाश भागने की कोशिश में पकड़ा गया। दोनों बदमाश हरिद्वार जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके पास से हथियार, मोटरसाइकिल और लूट के रुपए बरामद किए गए हैं। इनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है, और आगे की कार्रवाई की जा रही है।" पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात को कबूल कर लिया है। पुलिस अब इन दोनों की आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाल रही है।

(इनपुट - IANS)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें