Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों की मारपीट के बीच पांच लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में किया और आठ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि यह मामला मेरठ के सलावा गांव में मंगलवार देर रात मछली पकड़ने को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते ये मामूली सा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट में पांच लोग घायल हो गए।सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विपिन ताड़ा समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
मछली पकड़ने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा
न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा के अनुसार, एसएसपी डॉक्टर ताड़ा ने बुधवार को सुबह बताया कि झगड़ा मछली पकड़ने के दौरान हुआ और एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष के लोगों की पिटाई की, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। डॉक्टर ताड़ा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके अनुसार, गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
हिंसक रूप में बदला मामूली विवाद
स्थानीय पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब नौ बजे गांव के बाहर नाले के पास हुई जहां एक समुदाय के कुछ युवक मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान दूसरे समुदाय के युवकों ने वहां पहुंच कर मछली पकड़ने का विरोध किया। मामूली तकरार ने जल्द ही गाली-गलौज और हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। उनके अनुसार, दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल गांव में शांति है, लेकिन पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है।
(इनपुट - भाषा)
