Saharanpur Factory Explosion: यूपी के सहारनपुर जिले के शेखपुरा औद्योगिक क्षेत्र में रविवार शाम एक फैक्ट्री में गंभीर हादसा हुआ। टायरों से तेल निकालने वाली इस फैक्ट्री में बॉयलर अचानक फट गया, जिससे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और पांच अन्य झुलस गए। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में भय का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब फैक्ट्री में मजदूर अपने रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे। अचानक बॉयलर फटने से आग फैल गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो मजदूरों ने दम तोड़ दिया।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि हादसे के समय फैक्ट्री में कुल सात मजदूर मौजूद थे। पांच को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो गंभीर रूप से झुलस गए। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बॉयलर में अधिक दबाव या तकनीकी खराबी के कारण यह विस्फोट हुआ। मामले की आगे जांच जारी है।
