Ghaziabad News: गाजियाबाद में दो पुलिसकर्मियों ने ऐसा काम किया है, जिससे खाकी शर्मसार हो गई है। पुलिसवालों के हाथ जब लुटरे लगे तो उसे गिरफ्तार करने के बजाय उन्होंने उन्हें ही लूट लिया और फिर भगा दिया। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब दिल्ली पुलिस ने दोनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली में चोरी
न्यूज एजेंसी आईएनएस के अनुसार दिल्ली के भजनपुरा इलाके में 25 मई की रात आलोक शर्मा नामक व्यक्ति के घर से चोरी हुई। इसमें बदमाशों ने 3 लाख 60 हजार रुपये चुराए थे। आखिरकार 19 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जब रकम बरामदगी के लिए उनसे पूछताछ हुई तो आरोपियों ने अपने साथ हुई लूट की कहानी पुलिस को सुनाई।
चोर पहुंचे गाजियाबाद
चोरी करने के अगले दिन (26 मई) को जूते खरीदने के लिए गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में आए थे। यहां दुकानदार से कुछ कहासुनी हो गई। इसके बाद गाजियाबाद जिले के शालीमार गार्डन थाने पर तैनात कांस्टेबल धीरज चतुर्वेदी और इंद्रजीत मौके पर पहुंचे।
पुलिसकर्मी ने ही लूट लिया
आरोप है कि दोनों ने मामला रफा-दफा करने के नाम पर बदमाशों से 3 लाख 60 हजार रुपए लूट लिए और फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी देकर भगा दिया। दिल्ली पुलिस के इनपुट और चोरी के पीड़ित आलोक शर्मा की शिकायत पर गाजियाबाद पुलिस के डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने एसीपी को जांच सौंपी। जांच में आरोप पुष्ट हुए, जिसके बाद 21 जुलाई की रात दोनों सिपाही धीरज चतुर्वेदी और इंद्रजीत को गिरफ्तार कर लिया गया। डीसीपी (ट्रांस हिंडन) विवेक चंद्र यादव ने बताया कि अभी तक लूटी रकम बरामद नहीं हो सकी है। इस मामले में शालीमार गार्डन थाना प्रभारी रवि शंकर पांडे ने दोनों पुलिसकर्मियों पर लूट का मुकदमा दर्ज कराया है।
