गाजियाबाद के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर की दो सड़कों को मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (अर्बन) के तहत मॉडल बनाया जाएगा। इसके तहत इन दो सड़कों पर पार्किंग के साथ ही फुटपाथ, ई-चार्जिंग स्टेशन और शौचालय भी बनाए जाएंगे। इस अभियान के राज्य के अन्य शहरों में भी लागू किया जाएगा। लेकिन पहले चरण के लिए गाजियाबाद की दो सड़कों को चुना गया है। पहले चरण के इस कार्य के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने 38 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। दोनों मॉडल सड़कों पर यह सुविधाएं विकसित करने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने टेंडर भी निकाला है।
दैनिक हिंदी अखबार हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार अर्बन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी (URIDA) और नगर निगम के निर्माण विभाग ने पिछले दिनों इन दोनों सड़कों की मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया है। इसके तहत इन सड़कों से गुजरने वाले यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं देने की योजना बनाई गई है।
