Ghaziabad: गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में डबल मर्डर का बड़ा मामला सामने आया है। क्षेत्र के दौलत नगर इलाके में बीती रात एक दंपत्ति की गला दबाकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। हत्या का खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ, जब बेटी अपने परिजनों से मिलने घर पहुंची। जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इस डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हत्याकांड की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी ने भी पुलिस के आला अधिकारियों के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने स्थानीय पुलिस को जल्द पर्दाफाश करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, दौलत नगर कॉलोनी में 65 वर्षीय इब्राहिम अपनी पत्नी 52 वर्षीय हाजरा के साथ अकेले रहते थे। इसी कॉलोनी में कुछ दूरी पर उनकी बेटी रहीमा भी रहती है। रहीमा ने पुलिस को बताया कि, वह मंगलवार सुबह करीब सात बजे अपने परिजनों से मिलने के लिए पहुंची थी। लेकिन जब घर के अंदर दाखिल हुई तो माता-पिता का शव जमीन पर पड़ा हुआ था और घर का सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा था। जिसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। गाजियाबाद एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि, इस दोहरे हत्याकांड की जांच और खुलासे के लिए ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में टीम का गठन कर दिया गया है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
हत्या में करीबी लोगों के शामिल होने का शकडबल मर्डर के इस मामले की जानकारी देते हुए ट्रानिका सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक पुनीत कुमार ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में पुलिस के हाथ कुछ अहम सबूत हाथ लगे हैं। अभी तक के जांच में पता चला है कि, दंपत्ति की हत्या आपसी लेनदेन के कारण की गई है। इसमें करीबी लोगों के शामिल होने का अंदेशा है। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है। पुलिस को अंदेशा है कि, हत्यारे बगैर किसी विरोध के घर में घुसे और फिर दोनों की हत्या कर घर से गहने, पैसे और जरूरी कागजात भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने बताया कि, इस समय तीन टीमें पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने दावा किया कि, जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
