Ghaziabad News: गाजियाबाद नगर निगम का विस्तार होने वाला है। जिसके तहत खोड़ा, लोनी और कनावली नगर निगम भी गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र में शामिल हो जाएंगे। नगर निगम क्षेत्र के विस्तार के लिए नक्शा भी तैयार कर लिया गया है और प्रशासन ने सारी कागजी कार्रवाई भी पूरी कर ली है। यह नक्शा अब मंडलायुक्त के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा, जहां से पास होने के बाद इसे शासन के पास भेजा जाएगा। शासन से मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही इस पर कार्य शुरू हो जाएगा।
विस्तार के बाद बढ़ेगी जोन और वॉर्डों की संख्या
गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र में अभी पांच जोन हैं, इसके विस्तार होने के बाद नगर निगम का क्षेत्रफल भी बढ़ेगा, साथ ही जोन की संख्या भी बढ़ जाएगी। लोनी और खोडा के शामिल होने के बाद नगर निगम में दो से तीन जोन बनाए जाएंगे। गाजियाबाद नगर निगम में अभी 100 वॉर्ड हैं और खोडा और लोनी नगर निगम में क्रमश: 34 और 55 वॉर्ड हैं, जब गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र का विस्तार हो जाएगा तो वॉर्डो की कुल संख्या बढ़कर 200 हो जाएगी।
पिछले महीने सीएम योगी के सामने रखी थी मांग
गौरतलब है कि पिछले महीने नमो भारत ट्रेन के उद्धाटन की तैयारी देखने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद आए थे। इसी दौरान लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर और साहिबाबाद के विधायक सुनील शर्मा मुख्यमंत्री से मिले थे। इस दौरान इन दोनों विधायकों ने इन क्षेत्रों को नगर निगम का हिस्सा बनाने की मांग की थी। जिसपर सीएम ने डीएम से इसका प्रस्ताव तैयार करने को कहा था और इसे शासन को भेजने का निर्देश भी दिया था। दोनों नगर पालिकाओं के साथ ही कनावली क्षेत्र भी गाजियाबाद नगर निगम का हिस्सा बनेगा। इन तीनों नगर निगम को लेकर कागजी दस्तावेज तैयार कर लिए गए हैं, जिसके बाद अब नगर निगम विस्तार क्षेत्र का मैप भी तैयार कर लिया गया है।
