Ghaziabad: गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना पुलिस ने सब्जी कारोबारी की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा किया है। यह हत्या कमेटी के पैसों के विवाद में की गई थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो सगे भाइयों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्या और गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बीते 10 अक्टूबर को बंथला नहर की पटरी पर पुलिस को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। मृतक की पहचान ऊपरी कोर्ट, लोनी के रहने वाले 50 वर्षीय सब्जी कारोबारी महबूब के तौर पर हुई थी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया था। जिसके बाद विसरा जांच कराया गया, जिसमें जहर देकर हत्या करने का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में हत्या की धाराएं जोड़कर जांच शुरू की। इस मामले में मृतक के भाई आबिद कुरैशी ने कंचन पार्क के रहने वाले आरिफ, अनीश उर्फ सोनू और नदीम के खिलाफ हत्या करने की शिकायत दी थी। आरीफ और नदीम सगे भाई हैं। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला था कि मृतक महबूब कमेटी में पैसा डलवाने का काम भी करता था।
