गाजियाबाद

Ghaziabad News: भांजे की हत्या करने वाला मामा साथी के साथ गिरफ्तार, सर्जिकल ब्लेड से दिया था घटना को अंजाम

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 8, 2023, 08:10 PM IST

गाजियाबाद में भांजे की हत्या करने वाले मामा को गाजियाबाद पुलिस ने उसके साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। मामा ने सर्जिकल ब्लेड से भांजे की हत्या करने के बाद उसे इंदिरापुरम कनावनी नहर की पुलिया के पास फेंक दिया था।

Image

गाजियाबाद पुलिस ने भांजे की हत्या में आरोपी मामा को किया गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Ghaziabad News: गाजियाबाद के थाना साहिबाबाद पुलिस टीम ने एक हत्या के मामले में वांछित चल रहे मृतक के मामा और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। मामा ने अपने साथी के साथ मिलकर चचेरे भांजे की सर्जिकल ब्लेड से गला काटकर हत्या कर दी थी और शव को कानावानी पुलिया के पास नहर में फेंक दिया था।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मृतक के घर वालों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल 1 सर्जिकल ब्लेड, 2 मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक थाना साहिबाबाद पर राकेश कुमार ने 2 दिसंबर को अपने बेटे नितिन की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इस मामले में 6 दिसंबर को एक अज्ञात शव थाना इन्द्रापुरम क्षेत्र में बरामद हुआ। शव की शिनाख्त नितिन के परिजनों ने की थी। पुलिस ने 8 दिसंबर को घटना का सफल अनावरण करते हुए शिव कुमार और भानू प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया है।

सर्जिकल ब्लेड से मामा ने की भांजे की हत्या

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त शिवकुमार ने बताया है कि वह नितिन का चचेरा मामा है और उसकी मोबाइल की दुकान नरेन्द्र मोहन हॉस्पिटल के पास है। दुकान पर मेरे साथ भानू प्रताप सिंह भी रिपेयरिंग का काम करता है और मेरे घर पर ही रहता है। पहले मृतक नितिन की भी फोन की दुकान थी, जो उसने बंद कर दी थी। उस दुकान का काउंटर व अन्य सामान अपने मामा को बेच दिया था। जिसमें नितिन के कुछ रूपये मेरे पर उधार चल रहे थे।

29 नवंबर को शाम के समय नितिन अपने मामा के पास रुपये लेने आया था। जिसके बाद नितिन के साथ उसके मामा और उसके सहयोगी ने शराब पी। नशे में नितिन अपने मामा से उसकी भांजी से शादी करने को बात करने लगा और उसके बारे में अशोभनीय बातें करने लगा। जिसके बाद मामा शिवकुमार और सहयोगी भानु ने मिलकर सर्जिकल ब्लेड से नितिन का गला काटकर हत्या कर दी थी। उसके बाद मृतक नितिन के शव को इंदिरापुरम कनावनी नहर की पुलिया के पास नहर में डाल आए। शव को ठिकाने लगाने के बाद मामा अपनी रिश्तेदारी में अलीगढ़ चला गया था और 1 दिसंबर को वापस आकर अपनी दुकान रूटीन में खोलने लगा था।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!