Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां नहर में नहाने गए 4 युवकों की डूबने से मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान की शुरुआत की गई। पुलिस ने बताया कि गोताखोरों की मदद से चारों के शव को नहर के बाहर निकाला गया। पुलिस चारों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज रही थी, लेकिन परिजनों के मना करने पर शव उन्हें सौंप दिया गया।
नहर में डूबने से चार दोस्तों की मौत
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ग्रामीण सागर जैन ने बताया कि सहारनपुर में थाना देहात कोतवाली के अन्तर्गत पूर्वी यमुना नहर में चार दोस्त नहर में नहाने गए थे, उसी दौरान यह हादसा हो गया। पुलिस ने चारों मृतकों की पहचान नबावगंज निवासी जुबैर (34), कलीम (35), अदनान (20) और साकिब (22) के रूप में की है। अधिकारी ने बताया कि नहर में नहाते हुए अचानक यह सभी डूबने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और डूबे युवकों की तलाश शुरू की गई।
एसपी ने बताया की घंटों की मशक्कत के बाद चारों युवकों को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई थी। पुलिस द्वारा परिजनों को हादसे की सूचना देने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा था, लेकिन परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना की सूचना मिलने पर सीएम योगी ने भी हादसे का संज्ञान लिया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
(इनपुट - भाषा)
