गाजियाबाद

Ghaziabad Cylinder Blast: गाजियाबाद में फटा गैस सिलेंडर, पूरा परिवार आया चपेट में, बच्‍चा समेत 4 गंभीर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 15, 2023, 04:33 PM IST

Ghaziabad Cylinder Blast: साहिबाबाद के खोड़ा में स्थित एक मकान में आज सुबह हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट में चार लोग गंभीर हो गए। यह ब्लास्ट इतना जोरदार था कि पांच मंजिला घर की दीवारे गिर गई। सभी घायलों को इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि यह हादसा सिलेंडर में गैस रिसाव की वजह से हुआ।

Image

गैस सिलेंडर ब्लास्ट में चार गंभीर

KEY HIGHLIGHTS
  • आज सुबह चाय बनाते हुआ सिलेंडर में ब्लास्ट
  • पांच मंजिला मकान की दीवारें टूट कर गिरी
  • घर में मौजूद चार लोग गंभीर रूप से हुए घायल


Ghaziabad Cylinder Blast: गाजियाबाद में गैस सिलेंडर ब्लास्ट का एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां के साहिबाबाद के खोड़ा में स्थित एक मकान में आज सुबह चाय बनाते हुए रसोई गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। यह ब्लास्ट इतना जोरदार था कि घर की दीवारें गिर गई। इस हादसे की चपेट में पूरा परिवार आ गया। हादसे में एक बच्चा सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि यह हादसा सिलेंडर में गैस रिसाव की वजह से हुआ। गाजियाबाद पुलिस और अग्निशमन विभाग घटना के कारणों की जांच में जुटा है।

जानकारी अनुसार धनंजय सिंह अपने परिवार के साथ खोड़ा में एक पांच मंजिला मकान में रहते हैं। आज सुबह उनकी पत्नी पहली मंजिल पर स्थित रसोई घर में चाय बनाने गई। इस दौरान जैसे ही उन्होंने गैस चूल्हे को जलाने की कोशिश की तो सिलेंडर ने आग पकड़ ली और जब तक कोई कुछ समझ पाता सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस धमाके से घर की दीवारें टूट कर गिर पड़ी और घर का सामान करीब 20 से 30 मीटर दूर तक फैल गया। इस हादसे में धनंजय उनकी पत्नी, उनका बहनोई और उनका छह वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को गाजियाबाद में प्राथमिक उपचार के बाद सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

पड़ोस के मकान की दीवारें भी गिरी

बताया जा रहा है कि यह ब्लास्ट बहुत जोरदार था। इसने पांच मंजिला मकान को बुरी तरह क्षतिग्रस्‍त कर दिया है। इसकी दीवारें टूट कर पड़ोस की घरों पर गिर पड़ी, जिससे इन घरों की दीवारें भी टूट कर गिर गई। गनीमत यह रही कि उस समय इन घरों में कोई नहीं था, नहीं तो मलबे के नीचे दबने से घायलों की संख्‍या बढ़ सकती थी। धमाके की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने घायलों को घर से बाहर निकाला और घटना की जानकारी पुलिस व दमकल विभाग को दिया। सहायक पुलिस आयुक्त स्वतंत्र सिंह ने बताया कि इस हादसे की जांच की जा रही है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article