New Hindon Bridge: दिल्ली-एनसीआर के लोग जिस हिंडन नदी को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। अब उसी नदी पर 73 साल बाद फिर से पुल बनने वाला है। जिसे पूरा करने का टारगेट 2026 तक रखा गया है। इस पुल के बनने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच की दूरी 10 किमी तक कम हो जाएगी। साथ ही परिचौक पर लगने वाले जाम से भी लोगों को निजात मिलेगी। इसके अलावा गाजियाबाद और नोएडा का सफर भी आसान हो जाएगा।
2 लेन का बनेगा पुल
हिंडन नदी पर सात दशक पहले पुल बनाया गया था। जिसके बाद अब फिर से इस नदी पर नया पुल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। हिंडन नदी पर पुल बनाने के लिए यूपी सरकार की ओर से हरी झंडी मिल गई है। यह पुल 2 लेन का बनाया जाएगा, जिसकी लंबाई 290 मीटर होगी। इस पुल का काम 2019 में शुरू हुआ था। उस दौरान पुल का 30 फीसदी काम पूरा हो गया था। जिसके बाद निर्माण कार्य रुक गया था। जिसके बाद इसका निर्माण कार्य फिर से किया गया है।
18 महीने में पूरा होगा निर्माण
ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुताबिक निर्माण एजेंसी ने इस पुल को पूर करने के लिए 18 महीने का समय मांगा है। इस दौरान नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पुल के दोनों ओर अप्रोच रोड बनाना शुरू कर दिया है। अभी तक पुलिस के लिए 16 फाउंडेशन और 4 सबस्ट्रक्टर का निर्माण पूरा हुआ है। इस पुल का निर्माण अप्रैल 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है।
इन लोगों को होगा फायदा
हिंडन नदी पर नया पुल बनने के बाद ग्रेटर नोएडा एलजी चौक से नोएडा के सेक्टर 146 के बीच का सफर आसान हो जाएगा। इस पुल के इस्तेमाल से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में परी चौक पर लगने वाले भारी ट्रैफिक से भी लोगों को काफी हद तक राहत मिलेगी। पुल के माध्यम से वाहन चालकों को एलजी चौक और सूरजपुर के बीच आवागहन करने में भी सुविधा होगी। इस पुल को नोएडा से गाजियाबाद के पूर्वी छोर को कनेक्ट करने के लिए काफी अहम कड़ी माना जा रहा है। इस पुल के बनने से गाजियाबाद में एनएच 9 पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा। साथ ही नोएडा से गाजियाबाद का सफर भी काफी आसान हो जाएगा।
