गाजियाबाद: पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गाजियाबाद से रैपिड-एक्स रेल को हरी झंडी दिखा दी है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद नरेंद्र मोदी ने स्कूली बच्चों के साथ ट्रेन में सफर किया। पहले चरण में ट्रेन गाजियाबाद से दुहाई तक चलेगी। इसका किराया 50 रुपये से लेकर 100 रुपये तक है। इस रैपिड एक्स को देश की मिनी बुलेट ट्रेन की संज्ञा दी जा रही है। यह भारत की इसके संचालन से यूपी के मेरठ-गाजियाबाद में आर्थिक विकास के रफ्तार पकड़ने की भी उम्मीद जताई जा रही है। दशहरे से पहले यूपी को मिले इस उपहार से सीएम योगी गदगद दिखे। उन्होंने संबोधन के दौरान पीएम मोदी का आभार भी जताया।
CM ने जताया आभार
सीएम योगी आदित्यनाथ ने संबोधन में कहा कि रैपिड रेल जिसे पीएम मोदी देश को समर्पित कर रहे हैं, नमो भारत के रूप में विजयादशमी के पूर्व इस नए उपहार के लिए 25 करोड़ जनता की ओर से आभार व्यक्त करते हुए आपका स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा- साढ़े 9 साल में इस देश ने वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर को डेवलप होते हुए देखा है। देश में एयरपोर्ट की तर्ज पर रेलवे स्टेशन बने हैं। इसके अलावा अमृत भारत के तहत 500 स्टेशन के पुनरुद्धार को भारत के लिए कीर्तिमान हैं।
वहीं, वंदे भारत ट्रेन ने एक नए भारत का दर्शन कराया है। लिहाजा, आज देश की पहली नमो भारत यूपी को देने के लिए आपका आभार व्यक्त करते हैं। अब दिल्ली से मेरठ की दूरी और कम होगी। इससे पहले भी 12 लेन का एक्सप्रेस वे भी मिल चुका है। उत्तर प्रदेश मे 12 लेन का एक्सप्रेस वे कभी सपना था, लेकिन मोदी है तो मुमकिन है। सीएम ने आभार जताते हुए कहा-अपनी व्यस्तता के बावजूद आप गाजियाबाद पधारे हैं, आपका स्वागत करता हूं अभिनंदन करता हूं।
