Hapur Encounter: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पुलिस ने लूटपाट करने वाले एक ऑटो चालक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी लूटपाट के लिए युवती और महिलाओं को अपना टार्गेट बनाता था। वह पहले ऑटो में सवारियों को बैठाता था, फिर उनसे लूटपाट करता था। इसी दौरान आरोपी ने एक महिला सवारी की हत्या भी कर दी। मुठभेड़ के दौरान ऑटो चालक गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। ऑटो चालक के पास से एक ऑटो और तमंचा व कारतूस भी बरामद हुए हैं।
ऑटो चालक के पैर में लगी गोली
हापुड़ पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि 3 अप्रैल की सुबह कोतवाली क्षेत्र में पुलिस को एक महिला का शव मिला था। जिसकी पहचान शारदा के रूप में हुई। जिसके बाद पुलिस महिला के हत्यारे की तलाश में जुट गई थी। बीती रात नगर कोतवाली पुलिस को गश्त के दौरान एक ऑटो आता हुआ दिखाई दिया। जब पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, तो ऑटो चालक ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। जिससे पुलिस की एक गोली ऑटो चालक के पैर में लगने से वह घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गला दबाकर की महिला की हत्या
ऑटो चालक से पूछताछ के दौरान उसकी पहचान बुलंदशहर के गुलावठी निवासी आमिर पुत्र मौहम्मद शमीम के तौर पर हुई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने लूटने के इरादे से शारदा नाम की एक महिला को ऑटो में बिठाया। इस दौरान उसने महिला का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद शव को एनवाई सिनेमा के पास फेंक दिया। पुलिस ने ऑटो चालक के पास से महिला का आधार कार्ड, एक तमंचा, कारतूस और ऑटो बरामद किया है। पुलिस ने आमिर को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है।
