Muzaffarnagar Accident: मुजफ्फरनगर जिले में मंगलवार रात को दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार कार ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। जिसमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। इस दुर्घटना में तीन अन्य घायल भी हुए हैं। हादसे के बाद कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रैक्टर चालक मौके से फरार
पुलिस ने बताया कि घटना बरला-बसेड़ा मार्ग के पास तलहेड़ा चौराहे पर मंगलवार रात को हुई। जिसमें मेरठ जिले की निवासी खुशनुमा (35), सानिया (15), तैयबा (3) और मिरहा (2) की मौत हो गई। ये सभी लोग कार में सवार थे। पुलिस ने बताया कि तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। वहीं ट्रैक्टर चालक इस हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
ईद पर रिश्तेदारों से मिलने गया था परिवार
अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना उस समय हुई जब जुनेद के परिवार के सदस्य ईद के मौके पर रिश्तेदारों से मिलने के लिए कमालपुर (मेरठ) से सहारनपुर के गोपाली गांव जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
