Road Accident : दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गाजियबाद के समीप मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। स्कूल बस और कार के बीच आमने-सामने की भिड़ंत में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि स्कूल बस खाली थी और वह गलत दिशा से आ रही थी। कार में सवार लोग मेरठ से गुड़गांव की तरफ जा रहे थे। आमने-सामने की हुई टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। बस के चालक को पकड़ लिया गया है।
गलत दिशा से आई स्कूली बस ने मारी टक्कर
ट्रैफिक पुलिस एडीसीपी रामानंद कुशवाहा ने कहा, 'दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर आज सुबह छह बजे एक स्कूल बस और टीएवी के बीच भिड़ंत हो गई। बस का ड्राइवर गाजीपुर के समीप दिल्ली से सीएनजी भरवाकर गलत दिशा से आ रहा था। कार और बस के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हुई। कार में सवार लोग मेरठ से आ रहे थे और उन्हें गुड़गांव जाना था। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस के चालक को पकड़ लिया गया। पूरी गलती बस के चालक की थी क्योंकि वह गलत दिशा से आ रहा था।'
नोएडा के बाल भारती स्कूल की थी बस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं जबकि घायलों का इलाज किया जा रहा है। कार में कुल आठ लोग सवार थे। स्कूली बस नोएडा के बाल भारती स्कूल की थी।
