Moradabad News: यूपी के मुरादाबाद जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के बिलारी में चल रहे एक क्रिकेट मैच के दौरान 50 वर्षीय क्रिकेटर अहमर खान को बॉलिंग करते समय अचानक हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के दौरान पूरे ग्राउंड में हड़कंप मच गया। लोगों ने उन्हें सीपीआर दिया और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। क्रिकेट मैदान में जीत की खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया। बता दें कि यह क्रिकेट मैच बिलारी स्थित चीनी मिल के मैदान पर यूपी वेटर्न्स क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित किया गया था।
मातम में बदली जीत की खुशी
बता दें कि यह दर्दनाक घटना मुरादाबाद और संभल के बीच चल रहे 20 ओवरों के मैच के दौरान हुई। मुरादाबाद की टीम ने अंतिम ओवर की अंतिम बॉल फेंकने के बाद जीत हासिल की। अहमर खान ने जीत के बाद हाथ उठाकर खूशी जताई , लेकिन तभी उनकी तबीयत बिगड़ी और वह अचानक बेहोश होकर मैदान में गिर पड़े। उनके साथी खिलाड़ियों ने तुरंत उन्हें सीपीआर दिया। जैसे ही साथियों को लगा कि उनकी सांसें थोड़ी लौटी हैं, तो उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। इस हृदय विदारक घटना के समय स्थानीय सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान भी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
अहमर खान की अचानक मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया। अहमर खान एकता विहार, मुरादाबाद के निवासी थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी शहला खान, दो बच्चे रियान और अहराज, बड़े भाई फिरोज खान और एक बहन हैं। खेल के मैदान में मिली जीत की खुशी कुछ ही सेकंड में मातम में बदल गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
