Ghaziabad Fire News: गाजियाबाद में मंगलवार देर रात एक बिल्डिंग के बेसमेंट में खड़ी ईवी चार्जिंग कार में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी इमारत धुएं से भर गई और सीढ़ियां ब्लॉक हो गईं। जिससे बिल्डिंग में 15 से 17 लोग फंस गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को आग की सूचना दी, जिसके बाद फायर विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने बुझाई आग
यह घटना लिंक रोड थाना क्षेत्र स्थित सूर्य नगर इलाके की है। जानकारी के मुताबिक, देर रात वैशाली फायर स्टेशन को सूचना मिली कि सूर्य नगर के 177 रामपुरी स्थित एक बिल्डिंग में भीषण आग लगी है। जिसके अंदर 15 से 17 लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही वैशाली और साहिबाबाद फायर स्टेशन से दमकल की 4 गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं।
शॉर्ट सर्किट के कारण ईवी चार्जिंग कार में लगी आग
फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि बिल्डिंग के बेसमेंट में खड़ी एक ईवी चार्जिंग कार में आग लगी थी, जिसकी वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग इतनी भयंकर थी कि बेसमेंट समेत पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया, जिससे लोगों का बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। सीढ़ियों में धुआं भरने के कारण बाहर जाने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया था।
फायर विभाग की टीम ने तुरंत होज लाइन बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। वहीं बिल्डिंग में फंसे लोगों दूसरी ओर की बिल्डिंग से कूदकर बाहर आए। राहत की बात ये है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। दमकल अधिकारी राहुल पाल सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
