Sahibganj Flood News: झारखंड के साहिबगंज जिले में गंगा नदी लगातार उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। खासतौर पर पश्चिम बंगाल और बिहार की सीमा से लगे गदाई दियाराह इलाके में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर होती जा रही है। करीब 1100 घरों के 3400 लोग बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं। कई परिवारों के सामने सुरक्षित जगह, भोजन और पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है।
पानी में डूबे घर और खेत
गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण गदाई दियाराह के 14 टोलों का संपर्क साहिबगंज शहर, बाजार और प्रखंड मुख्यालय से टूट गया है। बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस चुका है। कई परिवारों के आशियाने पानी में डूब गए हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोगों की खेती की जमीन भी जलमग्न हो गई है। इससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान का भी सामना करना पड़ रहा है।
हजारों परिवारों के सामने संकट
जिन परिवारों के घर अभी पूरी तरह पानी में नहीं डूबे हैं, उन्हें मजबूरन आसपास मौजूद ऊंचे टापुओं पर रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी लगातार बढ़ता जा रहा है और गंगा की तेज धार के कारण बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में लोगों को अपने परिवार और सामान की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांगी मदद
बाढ़ के कारण इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीण जिला प्रशासन से राहत सामग्री, पीने का पानी और अन्य जरूरी मदद पहुंचाने की मांग कर रहे हैं। कई परिवार अपने घरों में फंसे हुए हैं और सुरक्षित स्थान तक पहुंचने के लिए मदद का इंतजार कर रहे हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रशासन के सामने अब प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाने और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की चुनौती है। गदाई दियाराह में बाढ़ की स्थिति पर लोगों की नजर बनी हुई है।
