Jharkhand Steel Plant Furnace Explosion: झारखंड के रामगढ़ जिले में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। जहां एक निजी स्टील प्लांट में भट्ठी विस्फोट होने से 9 मजदूर घायल हो गए। जिनमें से 7 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गया। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं प्रशासन ने सभी के बेहतर इलाज और मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।
रांची के अस्पताल में भर्ती घायल
यह घटना रामगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हेसला में स्थित प्लांट में तड़के सुबह करीब 4 बजे हुई। रामगढ़ के उप मंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनुराग कुमार तिवारी ने बताया कि भट्टी विस्फोट इतना तेज था कि कई मजदूर इसकी चपेट में आकर बुरी तरह घायल गए। उन्हे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए रांची के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया।
सात लोगों की 60 फीसदी तक जलने से हालत गंभीर
अधिकारियों के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल हुए सात मजदूर 60 प्रतिशत से अधिक जल गए हैं। जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन ने स्टील प्लांट प्रबंधन को घायलों के लिए बेहतर इलाज की सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ यह भी कहा है कि जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए नई दिल्ली रेफर किया जाना चाहिए।
हादसे के कारणों की जांच जारी
घायलों की पहचान अखिला राय, बृजलाल बेदिया, राज बलान यादव, महेश महतो, अशोक बेदिया, पंडितजी उर्फ राजू झा, छोटू साओ, सुरेश बेदिया और इशाया के रूप में हुई है। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।
