Jharkhand News: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में सोमवार को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट (IED Blast) हो गया।जिसमें कोबरा बटालियन (cobra battalion) का एक जवान घायल हो गया। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। जंगल में छिपे नक्सलियों को पकड़ने के लिए व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा लगातार इलाके की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
नक्सल विरोधी अभियान के बीच ब्लास्ट
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, यह घटना चाईबासा के सरांडा जंगल इलाके में हुई, जहां सुरक्षा बलों की टीम नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त ऑपरेशन चला रही थी। पुलिस अधीक्षक (SP) अमित रेनु ने बताया कि सुरक्षा बलों की टीम छोटे नगर थाना क्षेत्र में सरांडा जंगल में सर्च ऑपरेशन कर रही थी। तभी नक्सलियों द्वारा पहले से लगाया गया एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) में अचानक फट गया। इस विस्फोट में कोबरा बटालियन के जवान मनोज कुमार घायल हो गए।
जवान की हालत स्थिर, अस्पताल में भर्ती
अधिकारियों के अनुसार, घायल जवान को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि जवान को मामूली चोटें आई हैं, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य कुख्यात नक्सली नेता मिसिर बेसरा के दस्ते को पकड़ना है, जिस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित है। सुरक्षाकर्मी जिले को नक्सल-मुक्त बनाने के लिए यह अभियान चला रहे हैं।
