Solapur Bakery Owner Suicide: महाराष्ट्र के सोलापुर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि, सोलापुर की कभी मशहूर रही मुल्तानी बेकरी के 60 वर्षीय मालिक सुनील सदारंगानी ने विजयपुर रोड स्थित पनाश अपार्टमेंट की 17वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दुखद घटना से पहले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें वे अंतिम क्षणों में हाथ जोड़कर प्रार्थना करते हुए दिखाई देते हैं, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। इस घटना के बाद सभी के मन में एक ही सवाल है कि, आखिर सुनील सदारंगानी ऐसा कदम क्यों उठाया?
लोगों में मची अफरातफरी
मिली जानकारी के मुताबिक, मुल्तानी बेकरी के मालिक सुनील सदारंगानी कल यानी गुरुवार दोपहर विजयपुर रोड स्थित पनाश अपार्टमेंट पहुंचे थे। उन्होंने लिफ्ट का इस्तेमाल न करते हुए सीढ़ियों के जरिए सीधे 17वीं मंजिल तक जाना सही समझा। वहां छत पर उन्हें हाथ जोड़कर खड़ा देख नीचे मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत अपार्टमेंट के सुरक्षाकर्मी को इसकी सूचना दी।
चाबी लेने का बहाना और फिर सुसाइड
बताया जा रहा है कि, सूचना मिलते ही सुरक्षा गार्ड तुरंत ऊपर पहुंचा और सदारंगानी को समझाकर नीचे ले आया। लेकिन नीचे आने के बाद उन्होंने गार्ड से यह कहकर भ्रमित किया कि उनकी चाबी ऊपर छूट गई है। इसी बहाने वे फिर से 17वीं मंजिल पर पहुंचे और वहां से नीचे कूद गए। गिरते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की जांच जारी
ऐसे में, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस दल तुरंत पनाश अपार्टमेंट पर पहुंचा। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के ठोस कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर सुनील सदारंगानी ने आत्महत्या क्यों की।
