नोएडा हवाई अड्डे (Noida International Airport) से 15 जून 2026 से कमर्शियल फ्लाइट सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। इसके साथ ही एनसीआर और उत्तर भारत को एक नया एयर कनेक्टिविटी हब मिलने वाला है। एयरपोर्ट संचालन शुरू होने के बाद क्षेत्र में व्यापार, निवेश, लॉजिस्टिक्स और पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों, विभिन्न एयरलाइंस और कार्गो ऑपरेटरों के लिए एक आधुनिक और विश्वस्तरीय एविएशन गेट-वे उपलब्ध हो जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के बाद संचालन से जुड़ी कई तकनीकी और सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी की गईं। हाल ही में एयरपोर्ट प्रबंधन में बदलाव के बाद नए CEO की नियुक्ति हुई, जिसके बाद एयरोड्रोम सिक्योरिटी प्रोग्राम (ASP) को मंजूरी मिल गई। इसे एयरपोर्ट संचालन की दिशा में बड़ी प्रशासनिक उपलब्धि माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, शुरुआती चरण में एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता करीब 1.2 करोड़ यात्रियों की होगी। भविष्य में इसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 7 करोड़ से अधिक यात्रियों तक ले जाने की योजना तैयार की गई है। यह एयरपोर्ट पूरी तरह PPP मॉडल पर विकसित किया गया है और इसे देश के सबसे आधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट्स में शामिल किया जा रहा है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को “नेट जीरो उत्सर्जन” अवधारणा के तहत विकसित किया गया है, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल एयरपोर्ट मॉडल के रूप में भी पहचान बनाएगा। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस यहां से अपनी सेवाएं शुरू करेंगी, जिससे दिल्ली-NCR के एयर ट्रैफिक दबाव को भी कम करने में मदद मिलेगी।
इंडिगो संचालित करेगी पहली फ्लाइट
एयरपोर्ट से पहली उड़ान IndiGo संचालित करेगी, जिससे नियमित यात्री सेवाओं की शुरुआत होगी। इसके बाद जल्द ही Akasa Air और Air India Express भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगी। उड़ानों के शेड्यूल, गंतव्यों और यात्री सेवाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
हवाई यात्रा की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए विकसित किए गए इस एयरपोर्ट में आधुनिक टर्मिनल इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर संचालन व्यवस्था और मजबूत मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी की सुविधा होगी। एयरपोर्ट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यात्रियों को सहज यात्रा अनुभव मिले और एयरलाइंस को भरोसेमंद व किफायती संचालन सुविधा प्राप्त हो सके।
कमर्शियल ऑपरेशंस की शुरुआत क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने, आर्थिक विकास को गति देने और पर्यटन, व्यापार तथा निवेश के नए अवसर पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईएटीए कोड – डीएक्सएन) स्विस दक्षता और भारतीय आतिथ्य का अनूठा मेल है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) द्वारा विकसित यह ग्रीनफील्ड परियोजना टिकाऊ डिजाइन और संचालन सिद्धांतों के साथ नेट-जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
