शहर

Firozabad Bus Fire: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर टैंकर से टकराकर आग का गोला बनी स्लीपर बस; ड्राइवर-कंडक्टर की जलकर मौत

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शुक्रवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। कानपुर से दि ल्ली जा रही एक स्लीपर बस टैंकर से टकराकर जलने लगी। इस घटना में बस ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हो गई है, जबकि खिड़की के शीशे तोड़कर एक दर्जन से अधिक घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

Image

टक्कर के बाद धू-धू कर जली बस

Photo : Times Now Digital

Firozabad Bus Fire: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार तड़के सुबह एक बड़ा और भयावह सड़क हादसा हो गया। थाना मटसेना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के खंभा नंबर 46 के पास एक तेज रफ्तार स्लीपर बस आगे चल रहे टैंकर से जाकर भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में जोरदार धमाका हुआ और बस ने तुरंत एक विशाल आग के गोले का रूप ले लिया। इस रूह कंपा देने वाली घटना में बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर ही जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि बस में करीब 40 से 45 लोग सवार थे।

कानपुर से दिल्ली जा रही थी बस

मिली जानकारी के अनुसार, यह प्राइवेट स्लीपर बस करीब 40 से 45 यात्रियों को लेकर कानपुर से दिल्ली की तरफ जा रही थी। जैसे ही सुबह के धुंधलके में बस मटसेना इलाके के खंभा नंबर 46 के पास पहुंची, तभी अचानक अनियंत्रित होकर टैंकर से जा भिड़ी। हादसा होते ही गहरी नींद में सो रहे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बस के मुख्य दरवाजे से बाहर निकलना बिल्कुल नामुमकिन हो गया। राहगीरों की सूचना पर 10 मिनट में दमकल विभाग की 4-5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने बस में फंसे तीन यात्रियों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही मटसेना थाना पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। करीब 3 घंटे में आग पर काबू पाया।

एक दर्जन से अधिक घायल

इस हादसे में घायल हुए एक दर्जन से अधिक लोगों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी जिला अस्पताल और शिकोहाबाद के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, कई झुलसे हुए यात्रियों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसके कारण उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र (हायर सेंटर) रेफर किया जा रहा है

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article