लाइफस्टाइल

गाजर का हलवा ही नहीं, सर्दियों में इन 4 मिठाइयों का भी लें स्वाद; एक का नाम सुनकर चौंक जाएंगे

इस सर्दी मिठाई के लिए सिर्फ गाजर के हलवे पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। अंजीर-अखरोट से लेकर मिर्च के हलवे तक, ये चारों विकल्प आपके मीठे के शौक को नया स्वाद दे सकते हैं।

Image

सिर्फ गाजर का हलवा ही क्यों, सर्दियों में घर पर बनाएं ये 4 खास डेजर्ट्स (AI Image)

सर्दियों का मौसम हो और रसोई में गाजर का हलवा न बने, ऐसा कम ही होता है। दूध, खोया, घी और मेवों के साथ धीमी आंच पर पकती गाजर की मिठास ठंड के दिनों का अपना अलग ही आनंद देती है। लेकिन क्या हर बार सर्दियों की मिठाई का मतलब सिर्फ गाजर का हलवा ही होना चाहिए?

इस मौसम में कई ऐसी चीजें मिलती हैं, जिनसे कुछ अलग और स्वादिष्ट डेजर्ट तैयार किए जा सकते हैं। इनमें कुछ पारंपरिक स्वाद लिए हैं तो कुछ ऐसे प्रयोग हैं, जिनके नाम सुनकर आप भी एक बार जरूर चौंक सकते हैं। यहां हम आपको सर्देियों में खाने के लिए चार ऐसे डेजर्ट्स के नाम रेसिपी बता रहे हैं, जिन्हें आप घर पर भी बना सकते हैं:

अंजीर-अखरोट का हलवा

अगर आप गाजर और मूंग दाल के हलवे से कुछ अलग खाना चाहते हैं, तो अंजीर-अखरोट का हलवा अच्छा विकल्प हो सकता है। इसे बनाने के लिए सूखे अंजीर को करीब 20-30 मिनट गर्म पानी में भिगोकर नरम कर लें। फिर इसे मोटा पीस लें।

एक पैन में देसी घी गर्म करके कटे हुए अखरोट भूनें। अब इसमें अंजीर का पेस्ट डालकर कुछ मिनट पकाएं। इसके बाद दूध, खोया और स्वादानुसार चीनी मिलाएं। मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो इसमें इलायची पाउडर और केसर डाल दें। ऊपर से भुने अखरोट और पिस्ता डालकर गर्मागर्म परोसें। अंजीर की प्राकृतिक मिठास और अखरोट का हल्का कुरकुरापन इसे खास बनाता है।

मिर्च का हलवा

मिर्च का नाम सुनते ही अगर आपको तीखेपन का ख्याल आ रहा है, तो इस मिठाई का स्वाद आपको हैरान कर सकता है। इसे बनाने में हरी शिमला मिर्च का इस्तेमाल होता है। सबसे पहले शिमला मिर्च के बीज निकालकर उसे कुछ मिनट उबालें। ठंडा होने पर छिलका हटाकर बारीक काट लें।

अब घी में इसे धीमी आंच पर भूनें, ताकि कच्चापन निकल जाए। फिर दूध डालकर पकाएं। दूध लगभग सूख जाए तो चीनी और खोया मिलाएं। इसमें कटे काजू, इलायची पाउडर, थोड़ी सौंफ का पाउडर और चुटकी भर नमक डालें। मिश्रण गाढ़ा और चमकदार हो जाए तो पिस्ता डालकर परोसें। यह पारंपरिक हलवों से बिल्कुल अलग स्वाद देता है।

शाही टुकड़ा

शाही टुकड़ा पसंद है तो इसका एक नया रूप भी आजमा सकते हैं। इसे शाही टुकड़ा मिले-फुई कहा गया है। इसमें ब्रेड की कुरकुरी परतों के बीच केसर और इलायची वाली गाढ़ी रबड़ी रखी जाती है।

इसके लिए ब्रेड के किनारे हटाकर छोटे आयताकार टुकड़े काट लें। उन पर हल्का घी लगाकर तवे या ओवन में सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। दूसरी ओर दूध को उबालकर गाढ़ा करें। इसमें खोया, चीनी, केसर और इलायची डालकर रबड़ी तैयार करें। अब ब्रेड की एक परत पर रबड़ी लगाएं, फिर दूसरी परत रखें। इसी तरह तीन परतें बनाएं। ऊपर से पिस्ता और बादाम डालें। इसे परोसने से ठीक पहले तैयार करें, ताकि ब्रेड का कुरकुरापन बना रहे।

गुड़ का बुलगर हलवा

सर्दियों में गुड़ का स्वाद भी खूब पसंद किया जाता है। ऐसे में गुड़ और बुलगर गेहूं से बना हलवा एक अलग विकल्प है। बुलगर गेहूं को घी में कुछ मिनट भूनें। दूसरी ओर गर्म पानी में कद्दूकस किया हुआ गुड़ घोल लें। अब इस पानी और थोड़ा दूध बुलगर में डालकर धीमी आंच पर पकाएं।

जब गेहूं नरम हो जाए और तरल सोख ले, तो इसमें इलायची पाउडर, थोड़ी सोंठ और चुटकी भर नमक मिलाएं। ऊपर से भुने काजू और किशमिश डालकर गर्मागर्म परोसें।

तो इस सर्दी मिठाई के लिए सिर्फ गाजर के हलवे पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। अंजीर-अखरोट से लेकर मिर्च के हलवे तक, ये चारों विकल्प आपके मीठे के शौक को नया स्वाद दे सकते हैं।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article