शहर

उधम सिंह नगर में दो गिरोहों में खूनी गैंगवार, दिनदहाड़े गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल

Udham Singh Nagar Gangwar: दोनों गिरोह के सदस्य पहले से ही एक-दूसरे के आमने-सामने थे। जैसे ही दोनों पक्ष आमने-सामने आए, देखते ही देखते माहौल युद्ध के मैदान जैसा हो गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों में छिप गए।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)

Udham Singh Nagar Gangwar: उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जनपद मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर दो बदमाश गिरोहों के बीच शनिवार को इतनी भीषण गैंगवार हुई कि सीसीटीवी फुटेज देखने वाले दंग रह गए। घटना कांग्रेस विधायक के आवास के पीछे हुई, जिसमें फायरिंग, लाठी-डंडों का इस्तेमाल और एक-दूसरे को कार से कुचलने की कोशिश तक की गई। सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि दोनों गिरोह एक-दूसरे पर हमलावर हो गए थे। गोलीबारी के साथ ही लाठी-डंडों से भी हमले किए गए और एक पक्ष ने दूसरे को गाड़ी से रौंदने की कोशिश भी की।

रुद्रपुर में दिनदहाड़े गैंगवार

बताया जा रहा है कि विवाद पुरानी रंजिश को लेकर हुआ। दोनों गिरोह के सदस्य पहले से ही एक-दूसरे के आमने-सामने थे। जैसे ही दोनों पक्ष आमने-सामने आए, देखते ही देखते माहौल युद्ध के मैदान जैसा हो गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों में छिप गए। कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस घटना में कुख्यात अपराधी गगन रतनपुरिया उर्फ जगन रतनपुरिया भी शामिल बताया जा रहा है। रतनपुरिया पहले भी पुलिस एनकाउंटर में गिरफ्तार हो चुका है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। पुलिस का कहना है कि रतनपुरिया इलाके में अपना दबदबा कायम करना चाहता है, जिसके चलते आए दिन वह किसी न किसी विवाद में शामिल रहता है।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, गवाहों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों गिरोहों के सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई कर रही है। फुटेज में कई युवक हथियारों के साथ साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने इनकी पहचान के लिए टीमें गठित कर दी हैं। वहीं जिले के एसपी मणिकांत मिश्रा ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया है। उनका खुले तौर पर कहना है कि बदमाश गगन रतनपुरिया और उसके साथियों ने जो यह दुस्साहस किया है, इसके लिए इन्हें बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीमें लगातार इनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।

स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर खौफ का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े विधायक के आवास के पीछे इस तरह की गैंगवार होना कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। पुलिस प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी हुई है। आगे की कार्रवाई जारी है।

Abhishek Sinha
अभिषेक सिन्हाauthor

पत्रकारिता में 23वर्षों का अनुभव पिछले 19 वर्षों से उत्तराखंड की छोटी से लेकर बड़ी ख़बरों को करने में अहम योगदान एवं सबसे आगे, दिल्ली एनसीआर में जैन टीवी और BAG फिल्म्स के साथ उत्तराखण्ड में आजतक टीवी9,live india, और समाचार प्लस के लिए इनवेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म के तहत कई बड़ी ख़बरों को जनता के सामने बड़ी निर्भीकतापूर्वक और ईमानदारी के साथ पेश किया और कई प्रतिष्ठित संस्थानों में अहम भूमिका के साथ जन सरोकार की ख़बरों में प्रमुखता से सबसे आगे और सटीक जानकारी के साथ ख़बरों को जनता के सामने परोसने का जस्बा और हिम्मत भरा लंबा सफ़र.

और पढ़ें
End of Article