UP Power Crisis News: उत्तर प्रदेश में मई के महीने में ही रिकॉर्डतोड़ गर्मी ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। दिन के समय लू (Heatwave) के थपेड़े और रात की भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर ने पूरी तरह दम तोड़ दिया है। अघोषित बिजली कटौती (Power Crisis) और फॉल्ट के कारण कई-कई घंटों तक छाए रहने वाले अंधेरे से परेशान होकर प्रदेश की जनता अब सड़कों पर उतर आई है। मुजफ्फरनगर में हिंसक जाम, रायबरेली में पावर हाउस पर धरना और मेरठ में आधी रात को मेयर आवास के घेराव की घटनाओं ने शासन-प्रशासन के होश उड़ा दिए हैं।
मुजफ्फरनगर: 'लाइट नहीं तो रास्ता भी नहीं', गुस्साई जनता ने सड़क पर लगाया जाम
मुजफ्फरनगर जिले में प्रचंड गर्मी के बीच बिजली की भयंकर किल्लत के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। थाना नई मंडी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जानसठ रोड पर घंटों बिजली गुल रहने से नाराज सैकड़ों स्थानीय नागरिक सड़क पर उतर आए और बीच सड़क पर भारी जाम लगा दिया। जाम के कारण देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बेहाल हो गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का सीधा नारा था. "लाइट नहीं तो रास्ता भी नहीं।" जनता का आरोप है कि बिजली गायब होने के बाद जब वे शिकायत के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करते हैं, तो कोई फोन तक नहीं उठाता और न ही फील्ड पर कोई समाधान किया जाता है।

मुजफ्फरनगर में सड़क पर उतरे लोग
रायबरेली: पावर हाउस पर ग्रामीणों का धावा, लाइनमैन पर रिश्वतखोरी का आरोप
रायबरेली के लालगंज क्षेत्र में बिजली संकट को लेकर भारी बवाल देखने को मिला। लालगंज कस्बे के ऐहार गांव के ग्रामीण घंटों बिजली गुल रहने से इस कदर भड़क उठे कि उन्होंने सीधे पावर हाउस परिसर पर धावा बोल दिया। ग्रामीणों ने पावर हाउस के अंदर ही दरी बिछाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और तत्काल विद्युत सप्लाई बहाल करने की मांग पर अड़ गए। प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय लाइनमैन पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह पैसे लेकर भी इलाके में बिजली सप्लाई नहीं दे रहा है। पावर हाउस परिसर में भारी भीड़ जुटने और ग्रामीणों के उग्र तेवरों को देखते हुए मौके पर भारी तनाव बना हुआ है और स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को दखल देना पड़ा।

बिजली कटौती के विरोध में धरना देते लोग
मेरठ: आधी रात को घेरा मेयर का आवास, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
पश्चिमी यूपी के मेरठ जिले में बिजली कटौती से आजिज आ चुकी जनता ने सीधे व्यवस्था के शीर्ष पर दस्तक दी। देर रात बिजली गुल होने और भयंकर उमस के कारण बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा होकर सीधे मेयर हरिकांत अहलुवालिया के आवास पर पहुंच गए और उनके घर को चारों तरफ से घेर लिया। मेयर आवास के बाहर अचानक आधी रात को मचे हंगामे की खबर मिलते ही मेयर खुद बाहर आए। आक्रोशित लोगों ने मेयर को अपने साथ चलकर जमीनी हकीकत और घरों का हाल देखने की बात कही। मेयर ने काफी देर तक लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित बिजली अधिकारियों से बात कर समस्या के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया, जिसके बाद भीड़ वापस लौटी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मेरठ में मेयर आवास पर प्रदर्शनकारी
भीषण गर्मी झेल रहा यूपी, आज कैसा रहेगा मौसम (UP Weather Today)
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लोगों को फिलहाल इस गर्मी से कोई राहत मिलने वाली नहीं है। शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, मीरजापुर, प्रतापगढ़, कौशंबी, फतेहपुर, चित्रकूट और संत कबीर नगर में भीषण लू और हीटवेव का रेड अलर्ट जारी है। इन जिलों में 30 किमी/घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की भी आशंका है। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, और आगरा संभाग में तीखी धूप और लू का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। यहां 25 से 30 किमी/घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। बुंदेलखंड का बांदा जिला 48 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ लगातार सूबे में सबसे गर्म बना हुआ है, जबकि हमीरपुर, झांसी और प्रयागराज में पारा 45 से 46 डिग्री के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 मई तक प्रदेश में गर्मी का यही रौद्र रूप जारी रहेगा और अगले 24 घंटों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे बिजली ग्रिडों पर लोड और ज्यादा बढ़ेगा।
