Surat News: सूरत सिटी पुलिस की महिला अधिकारी PSI शीतल चौधरी ने चतुराई और हिम्मत का परिचय देते हुए एक शातिर जालसाज गिरीश देवड़ा को फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने ₹30 लाख के लोन पर खरीदी गई फॉर्च्यूनर कार बेच दी थी और उसके बाद फरार हो गया था। पुलिस को चकमा देने के लिए वह अपना मोबाइल फोन बंद रखता था और केवल व्हाट्सएप के माध्यम से सक्रिय रहता था।
PSI शीतल चौधरी ने खुद को ‘पूजा’ नाम की महिला बनाकर गिरीश से संपर्क साधा। करीब 25 दिनों तक चली इस बातचीत में दोनों के बीच रोमांटिक मैसेज का सिलसिला शुरू हो गया, जिनमें ‘आई लव यू’ और ‘मिस यू’ जैसे संदेश भी शामिल थे। भावनाओं में बहकर गिरीश ‘पूजा’ से मिलने सूरत के पर्वत पाटिया पहुंच गया। वहीं, मौके पर वर्दी में मौजूद PSI शीतल चौधरी और उनकी टीम ने उसे धर दबोचा। PSI शीतल की सूझबूझ और रणनीति से न केवल गिरीश देवड़ा, बल्कि उसके साथी कुलदीप सोलंकी को भी गिरफ्तार किया गया।
