फरीदाबाद

Faridabad: अस्पताल की महिला मैनेजर और नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस को हत्‍या की आशंका

  • Produced by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 6, 2022, 02:58 PM IST

Faridabad: फरीदाबाद के सेक्टर- 88 स्थित एक अस्पताल की मैनेजर और नर्स का शव एक ही दिन मिलने से हड़कंप मच गया। इन दोनों महिला कर्मचारियों का शव अलग-अलग जगह फंदे पर लटका हुआ मिला। परिजनों ने इस मामले में हत्‍या की आशंका व्‍यक्ति की है। वहीं पुलिस भी इस मामले की सुसाइड के अलावा हत्‍या की साजिश के एंगल से भी जांच कर रही है।

Image

फरीदाबाद में अस्‍पताल के दो कर्मचारी की संदिग्‍ध मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • दोनों महिला कर्मचारियों का शव अलग-अलग जगह फंदे से लटका मिला
  • मृतकों के परिजनों ने सुसाइड मानने से किया इंकार, जताई हत्‍या की आशंका
  • पुलिस पूरे मामले की आत्‍महत्‍या और हत्‍या की साजिश के एंगल से कर रही जांच

Faridabad: फरीदाबाद के सेक्टर- 88 स्थित अकार्ड अस्पताल की मैनेजर और एक नर्स का शव मिलने से हड़कंप मच गया। इन दोनों महिला कर्मचारियों का शव सोमवार को अलग-अलग जगह हॉस्‍टल और फ्लैट में फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्‍जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भिजवा दिया। एक ही अस्पताल की दो महिला कर्मचारियों का शव एक ही दिन फंदे पर लटका मिलने से पुलिस भी सकते में हैं। पुलिस इस मामले की सुसाइड के अलावा हत्‍या की साजिश के एंगल से भी जांच कर रही है। साथ ही दोनों महिला कर्मचारियों के आपसी संबंध की हिस्‍ट्री भी खंगाली जा रही है। खेड़ी पुल थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि, इस मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है, जल्‍द ही खुलासा कर लिया जाएगा।

मूलरूप से महेंद्रगढ़ की रहने वाली 25 वर्षीय कविता पिछले दो साल से इस अस्पताल में नर्स के पद पर कार्य कर रही थी। कविता गांव पलवली में स्थित अस्पताल के हॉस्‍टल में रहती थी। कविता के रूम पार्टनर ने पुलिस को बताया कि, सोमवार को छत पर गई थी। जब वह कुछ देर बाद वापस लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने काफी देर दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं मिलने पर इसके बारे में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब दरवाजा तोड़ा तो अंदर कविता का शव फंदे पर लटका मिला। जिसके बाद मृतका के स्वजन को घटना की जानकारी दी गई। कविता के पिता महेंद्र ने बताया कि, मेरी बेटी बहुत बहादुर थी, वह सुसाइड नहीं कर सकती। उन्‍होंने पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।

तीन दिन बाद फ्लैट में मिला मैनेजर का शव

वहीं, दूसरी मृतका की पहचान पलवल निवासी 27 वर्षीय शीतल के तौर पर हुई है। शीतल इस अस्पताल में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी, वह एक फ्लैट में रहती थी। मृतका के भाई नरेंद्र ने बताया कि, वह हमेशा खुश रहती थी। उससे दो दिसंबर को मिलकर पिता घर आए थे। इसके बाद शीतल अस्‍पताल नहीं गई। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना परिवार को दी। जिसके बाद स्वजन जब सेक्टर-86 स्थित फ्लैट पर पहुंचे तो वह अंदर से बंद मिला। परिजनों ने पुलिस को कॉल कर मौके पर बुलवाया और फ्लैट का गेट तोड़ अंदर पहुंचे। कमरे में शीतल फंदे से लटकी मिली। स्वजन ने भी इस पूरी घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्‍या की आशंका व्‍यक्‍त की है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले का हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस अभी इसके कारणों का पता लगाने में जुटी है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article