Faridabad Waterlogging: पूरे दिल्ली एनसीआर में इन दिनों मानसून का दौर बरकरार है। आज शुक्रवार के दिन राजधानी समेत एनसीआर के इलाकों में घंटे भर बढ़िया बारिश हुई। मौसम तो सुहावना हुआ लेकिन फरीदाबाद में आलम कुछ और ही नजर आया। महज 1 घंटे की झमाझम बारिश ने यहां सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस बरसात से पूरा फरीदाबाद शहर जलमग्न हो गया है, जिसके चलते बस स्टैंड पर भी ढाई फीट तक पानी जमा हो गया। इससे लोगों को बेहद परेशानी हुई।
इस बारिश ने एक बार फिर फरीदाबाद की स्मार्ट सिटी होने की असल हकीकत को उजागर कर दिया है। शहर के कई इलाके इस दौरान जलमग्न हैं, यहां तक कि नेशनल हाईवे पर भी पानी भर गया। बल्लभगढ़ का बस स्टैंड तो एक विशाल तालाब में बदल गया। हालत ये हो गई कि बस स्टैंड के कई दफ्तरों में भी पानी भर गया, जिससे कर्मचारियों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये कोई पहली बार नहीं हुआ है।
हर बरसात यही हालात
बताया जा रहा है कि हर बार बारिश में यही हाल होता है। बस स्टैंड पर पानी भर जाता है, न बसें लगने की जगह बचती है और न ही यात्रियों के लिए खड़े होने की। पूरा बस स्टैंड एक झील जैसा नजारा पेश करता है। इसके बावजूद न तो प्रशासन और न ही कोई अधिकारी इस समस्या की तरफ ध्यान देता है। हालात देखकर साफ जाहिर है कि फरीदाबाद में स्मार्ट सिटी का टैग सिर्फ कागजों तक ही सीमित है।
