शहर

फरीदाबाद में दिनदहाड़े खूनी वारदात, स्कूल पहुंची महिला टीचर की चाकू से गोदकर हत्या; चेहरा ढककर आया था आरोपी

फरीदाबाद के सिकरौना गांव में एक निजी स्कूल की महिला शिक्षिका की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि चेहरा ढककर पहुंचे एक युवक ने स्कूल के गेट पर शिक्षिका पर अचानक हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Image

पुलिस चौकी से चंद कदम दूर हुआ मर्डर

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Faridabad News: फरीदाबाद के गांव सिकरौना में एक प्राइवेट स्कूल की महिला शिक्षिका की दिनदहाड़े चाकू से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात स्कूल से कुछ ही दूरी पर स्थित पुलिस चौकी के पास हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान संध्या के रूप में हुई है। वह सिकरौना गांव स्थित एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका के तौर पर काम करती थी। बताया जा रहा है कि रोज की तरह संध्या स्कूल पहुंची थी और बच्चों को पढ़ाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर स्कूल पहुंचा। युवक ने स्कूल स्टाफ से संध्या से मिलने की बात कही।

अचानक हुआ चाकू से हमला

इसके बाद जब संध्या स्कूल के गेट के पास युवक से मिलने पहुंची, तो उसने अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने महिला की गर्दन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। अचानक हुए हमले के बाद स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई और वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर स्कूल संचालक उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचे।

आरोपी की तलाश जारी

आरोप है कि हमलावर ने उन्हें भी चाकू दिखाकर डराने की कोशिश की और उनकी तरफ दौड़ पड़ा। इसके बाद वह मौके से भागने में कामयाब हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, महिला की मौत हो चुकी है और इस मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article