शहर

जमुई में कार्यपालक अभियंता पर EOU का शिकंजा, किराए के मकान से 8 लाख रुपये नकदी और दस्तावेज बरामद

आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति मामले में झाझा ग्रामीण कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के चार ठिकानों पर छापेमारी की। जमुई स्थित किराए के मकान से करीब 8 लाख रुपये नकद, एलआईसी दस्तावेज और कई अहम कागजात बरामद किए गए हैं।

Image

बिहार के जमुई में EOU की बड़ी कार्रवाई (प्रतीकात्मक फोटो)

Jamui News: भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) पटना ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए झाझा ग्रामीण कार्य प्रमंडल में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जमुई शहर के केकेएम कॉलेज के समीप सिरचंद नवादा वार्ड संख्या-8 स्थित उनके किराए के मकान में करीब पांच घंटे से अधिक समय तक तलाशी अभियान चलाया गया।

8 लाख रुपये नकद

छापेमारी के दौरान जांच टीम को गोदरेज के गुप्त तहखाने में छिपाकर रखे गए लगभग 8 लाख रुपये नकद मिले। इसके अलावा एलआईसी से जुड़े दस्तावेज, कई महत्वपूर्ण कागजात और अन्य संदिग्ध रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान एक कार को भी कब्जे में लिया गया, जिसकी जांच एजेंसी द्वारा की जा रही है।

चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

आर्थिक अपराध इकाई (EOU) के वरिष्ठ अधिकारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के खिलाफ करीब 2.61 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। इसी के आधार पर जमुई, झाझा और पटना सहित चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया। हालांकि झाझा स्थित कार्यालय की तलाशी के दौरान जांच टीम को कोई विशेष सफलता हाथ नहीं लगी।

गोपाल कुमार ने क्या बताया?

वहीं, गोपाल कुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि जांच में बरामद नकदी उनकी मां के इलाज के लिए सहयोगियों और परिचितों से उधार ली गई रकम है। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच पूरी होने के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। सुरेश प्रसाद ने कहा कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज प्राथमिकी के बाद कार्रवाई की गई, जिसमें नकदी, जरूरी दस्तावेज और कई अन्य कागजात जब्त किए गए हैं। दूसरी ओर, गोपाल कुमार का दावा है कि बरामद धनराशि का संबंध किसी अवैध गतिविधि से नहीं, बल्कि पारिवारिक जरूरत से जुड़ा हुआ है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!