IMD Weather Alert: हरियाणा, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जहां धूलभरी हवाओं और तेज आंधी का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गरज-चमक, बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। हाल फिलहाल के अपडेट के मुताबिक, हरियाणा, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान के ऊपर इस समय धूल भरी हवाओं का एक समूह सक्रिय है।
यहां हवा की गति लगभग 30 से 40 किमी/घंटा तक दर्ज की जा रही है। यह स्थिति दोपहर तक अलग-अलग तीव्रता के साथ बनी रह सकती है। शाम के समय से उत्तर-पश्चिम भारत में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश के बादल बनने शुरू हो जाएंगे। आज इसका प्रभाव सीमित रहने की संभावना है, जबकि सोमवार को व्यापक स्तर पर तूफानी मौसम देखने को मिल सकता है। मैदानी इलाकों में इस समय वायुमंडल काफी अस्थिर बना हुआ है और मौसम के पैटर्न में अगले कुछ घंटों के अंदर लगातार बदलाव संभव है। ऐसे में IMD ने लोगों से ताजा जानकारी के लिए स्थानीय मौसम अपडेट और चेतावनियों पर नजर बनाए रखने को कहा है।
आने वाले दिनों का मौसम कैसा रहेगा?
हरियाणा, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में आने वाले दिनों में मौसम तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 3 मई और 6 मई को पंजाब के साथ हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में गरज-चमक, बिजली और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं राजस्थान में 3 मई तथा 5 से 7 मई के बीच कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
कल ऐसा रहेगा मौसम का हाल
4 मई को राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही राजस्थान तथा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज आंधी, जिसकी गति झोंकों के दौरान 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, चलने की संभावना जताई गई है।
ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग ने 3 से 5 मई के बीच हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका जताई है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों, जिनमें हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान शामिल हैं, में 5 मई तक अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम होने का अनुमान है।
