Delhi NCR Rain Alert: दिन ढलते ही नोएडा समेत पूरे एनसीआर का मौसम अचानक बदल गया है। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने लगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। हालांकि, धूल भरी आंधी के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आसमान में बादल भी छा गए हैं, जिससे मौसम और अधिक बदला-बदला नजर आ रहा है। आंधी के बाद नोएडा के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है और कई जगहों पर अंधेरा फैल गया है।
दिल्ली-एनसीआर में धूलभरी आंधी और बारिश की संभावना
बता दें कि, उत्तर राजस्थान से उठी धूलभरी आंधी और मध्यम बारिश का वेदर सिस्टम अगले करीब कुछ घंटों में हरियाणा के पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में पहुंचने वाला था। इसके असर से दिल्ली-एनसीआर में रात 8:45 से 10 बजे के बीच 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हल्की से मध्यम धूलभरी आंधी आ सकती है, जिसके बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है। मौजूदा बादलों की स्थिति को देखते हुए रात में आंधी आना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि, अगर यह सिस्टम अपनी ताकत बनाए रखता है, तो शाम 7:30 बजे तक एनसीआर में बारिश के दायरे को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।
दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली और आसपास के इलाकों में 27 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बीच-बीच में आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, जिससे तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। 28 अप्रैल के बाद अधिकतम तापमान में करीब 3–5 डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज होने की संभावना है, जिससे गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार हैं। हालांकि 27 अप्रैल को कुछ इलाकों में गर्म रात और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।
क्या है IMD का पूर्वानुमान?
मौसम विभाग की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, आज, 27 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में लू का असर बना रह सकता है, हालांकि इसके बाद इसमें धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं। वहीं, पूरे सप्ताह के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में गरज-चमक, बिजली और 40–50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ व्यापक बारिश होने की संभावना है, जिसमें कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा भी हो सकती है। इसके अलावा, आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा। पूर्वी भारत में पूरे सप्ताह, उत्तर-पश्चिम भारत में 28 अप्रैल से 2 मई के बीच, तथा मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 27 अप्रैल से 1 मई तक गरज के साथ बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
