शहर

Navi Mumbai: न्हावा शेवा पोर्ट पर बड़ी कार्रवाई, 3 करोड़ रुपये के 10,000 किलो अवैध पटाखे जब्त

Navi Mumbai News: नवी मुंबई के न्हावा शेवा पोर्ट पर DRI ने करीब 3 करोड़ रुपये कीमत के 10 हजार किलो पटाखे जब्त किए। DRI के मुताबिक, आयात के लिए जरूरी DGFT अनुमति और PESO लाइसेंस नहीं था।

Image

न्हावा शेवा पोर्ट पर 3 करोड़ के 10 हजार किलो पटाखे जब्त

Photo : Times Now Digital

Navi Mumbai News: राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने नवी मुंबई स्थित न्हावा शेवा पोर्ट पर एक बड़ी कार्रवाई की है। डीआरआई के मुताबिक, यहां से करीब 10,000 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए गए हैं। इन पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है। खुफिया इनपुट के आधार पर DRI के अधिकारियों ने इस संदिग्ध आयात खेप को रोककर तलाशी ली। इस मामले में प्रमुख सिंडिकेट सदस्य को कस्टम्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।

बोतल और वॉलपेपर की आड़ में हो रहा था खेल

जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि कंटेनर में ऊपर की तरफ ‘बोतल और वॉलपेपर’ जैसे घोषित सामान रखे गए थे, जिसकी आड़ में भारी मात्रा में अवैध पटाखे छिपाकर लाए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, कंटेनर की शुरुआती तीन कतारों में घोषित सामान रखा गया था, जबकि कंटेनर का बाकी बड़ा हिस्सा पटाखों से भरा हुआ था।

DRI की जांच में कंटेनर से कुल 19,800 पटाखे बरामद किए गए। जिन्हें ‘288 Gatling’ के नाम से जाना जाता है। इनका कुल वजन लगभग 10,000 किलोग्राम बताया गया है। सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत घोषित माल और अवैध पटाखों दोनों को जब्त कर लिया गया है।

आयात के लिए जरूरी नियमों का उल्लंघन

नियमों के मुताबिक, भारत में पटाखों का आयात 'रिस्ट्रिक्टेड' (Restricted) श्रेणी के तहत आता है। इसके लिए विदेश व्यापार नीति के तहत इसके लिए डीजीएफटी (DGFT) की वैध अनुमति और विस्फोटक नियम, 2008 के तहत पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव्स सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (PESO) का अनिवार्य लाइसेंस हासिल करना जरूरी होता है। DRI ने बताया कि बरामद पटाखों के आयात के लिए जरूरी मंजूरी और लाइसेंस इनके पास मौजूद नहीं थे। घ

सिंडिकेट का सदस्य गिरफ्तार

इस अवैध आयात का भंडाफोड़ करते हुए DRI ने उस प्रमुख सिंडिकेट सदस्य को दबोच लिया है जो इस खेप को गुप्त तरीके से पोर्ट से क्लियर कराने की कोशिश कर रहा था। आरोपी को कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि व्यावसायिक कार्गो की आड़ में गलत घोषणा कर प्रतिबंधित सामान मंगवाने वाले इस नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article