शहर

मुंबई में DRI का बड़ा एक्शन; अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश, 7 करोड़ की कोकीन जब्त

राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने मुंबई में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में कोकीन बरामद की गई।

Image

कोकीन तस्करी नेटवर्क पर DRI का शिकंजा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

DRI Mumbai Drug Bust: राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने मुंबई में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन के दौरान एक दक्षिण अफ्रीकी नागरिक और नागपाड़ा निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। डीआरआई अधिकारियों ने आरोपी के पास से 1426 ग्राम कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय था नेटवर्क

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने अपने एक अन्य सहयोगी के बारे में जानकारी दी, जिसकी पहचान नागपाड़ा निवासी ए.डी. पटेल के रूप में हुई है। इसके बाद जांच एजेंसियों ने मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय था और मुंबई को ट्रांजिट प्वाइंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। फिलहाल डीआरआई इस पूरे सिंडिकेट के अन्य सदस्यों और इसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच में जुटी हुई है।

1.79 करोड़ रुपये सोना और अन्य सामान जब्त

वहीं, सीमा शुल्क विभाग ने दुबई से यहां छत्रपति शिवाजी महाराज एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों से 1.79 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक सामान, सौंदर्य प्रसाधन, सिगरेट और अपरिष्कृत सोना जब्त किया है। रविवार को एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि, तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने कहा कि यह अभियान सीमा शुल्क हवाई अड्डा आयुक्तालय द्वारा 1 और 2 मई के बीच चलाया गया था। उन्होंने कहा, ’’मौके पर ही दो यात्रियों की पहचान कर उनके खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए।

इनमें से एक यात्री एमिरेट्स की उड़ान से आया था और उसके पास इलेक्ट्रॉनिक सामान, सौंदर्य प्रसाधन और सिगरेट जैसी 84.37 लाख रुपये मूल्य की तस्करी की वस्तुएं थीं। एक अन्य मामले में, विस्तृत तलाशी के बाद विमान के दोनों पिछले शौचालयों के कमोड से भूरे टेप में लिपटे आठ पैकेट बरामद किए गए।’’ अधिकारी ने बताया कि स्पाइसजेट की उड़ान से आए एक यात्री से 95.32 लाख रुपये मूल्य का 695 ग्राम 24 कैरेट का कच्चा सोना जब्त किया गया। उन्होंने कहा कि यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बरामदगी मुंबई हवाई अड्डे पर तस्करी को रोकने के लिए बरती जा रही सतर्कता को उजागर करती है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article