Kolkata News: सीबीआई ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के एक वरिष्ठ मूल्यांकनकर्ता डॉक्टर को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के शरीर रचना विभाग के प्रमुख तपन कुमार ने कर्नाटक के बेलगावी स्थित एक मेडिकल कॉलेज को सकारात्मक निरीक्षण रिपोर्ट देने के लिए कथित तौर पर रिश्वत ली थी।
सीबीआई द्वारा कोलकाता, बर्धमान और बेलगाम में की गई छापेमारी में 44.60 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी बरामद की गई। जांच एजेंसी ने रविवार को एक बयान जारी कर बताया कि इस मामले में 24 मई को आरोपी डॉक्टर, दो निजी व्यक्तियों और कर्नाटक के बेलगावी स्थित एक निजी चिकित्सा संस्थान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
NMC के मूल्यांकनकर्ता के रूप में कार्यरत
ऐसा आरोप है कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मूल्यांकनकर्ता के रूप में कार्यरत एक वरिष्ठ डॉक्टर एक निजी मेडिकल कॉलेज के प्रतिनिधियों से उनके संस्थान के पक्ष में अनुकूल निरीक्षण रिपोर्ट जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की। सीबीआई के बयान के मुताबिक, खुफिया जानकारी के आधार पर उन्होंने उस परिसर में छापा मारा, जहां कथित रिश्वत की रकम का लेनदेन हो रहा था। इस छापेमारी के दौरान, संबंधित डॉक्टर को निजी मेडिकल कॉलेज के प्रतिनिधियों से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
(इनपुट - भाषा)
