Delhi News: दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने अपनी सेवाओं का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करने के उद्देश्य से एक नई सहायक कंपनी दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड (डीएमआईएल) की स्थापना की है। इस कंपनी का मुख्य लक्ष्य विदेशों में मेट्रो रेल परियोजनाओं के लिए बोली लगाना और शहरी परिवहन से जुड़ी परामर्श सेवाओं को वैश्विक स्तर पर बढ़ाना है।
एक अधिकारी के अनुसार, इस नई इकाई की स्थापना इसलिए की गई है ताकि मेट्रो योजना, निर्माण और संचालन के क्षेत्र में डीएमआरसी के अनुभव और विशेषज्ञता को भारत के बाहर भी उपयोग में लाया जा सके। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नए व्यावसायिक अवसरों की तलाश भी की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि इस सहायक कंपनी के जरिए डीएमआरसी अब अन्य देशों के शहरों में मेट्रो परियोजनाओं के लिए सीधे निविदा (बोली) प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेगी और शहरी परिवहन प्रणालियों से जुड़े परामर्श कार्य भी प्रदान कर पाएगी।
विदेशों में मौकों की तलाश कर रही DMRC
एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को जानकारी देते हुए बताया कि डीएमआरसी पहले से ही विदेशों में अवसरों की तलाश कर रही है। वर्तमान में वह बांग्लादेश की राजधानी ढाका में चल रही एक मेट्रो परियोजना से जुड़ी हुई है, जहां वह तकनीकी सहयोग और परामर्श सेवाएं प्रदान कर रही है। दिल्ली मेट्रो के मुताबिक, उसने इजरायल के तेल अवीव में प्रस्तावित मेट्रो परियोजना के निर्माण से जुड़ी बोली-पूर्व प्रक्रिया में भी अपनी पात्रता हासिल कर ली है।
परामर्श सेवाओं पर ध्यान देगी DMIL
जानकारी के मुताबिक, डीएमआरसी इसके अलावा मिस्र के अलेक्जेंड्रिया, वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी और मॉरीशस में प्रस्तावित मेट्रो परियोजनाओं के लिए भी बोली लगाने की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल है। अधिकारी का कहना है कि, अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं के प्रबंधन को बेहतर और व्यवस्थित बनाने के लिए डीएमआईएल मुख्य रूप से परामर्श सेवाओं पर ध्यान देगी। साथ ही यह कंपनी मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (एमआरटीएस) से जुड़ी गतिविधियों और शहरी परिवहन परियोजनाओं से संबंधित व्यावसायिक कार्यों पर भी ध्यान केंद्रित करेगी।
