Dindori: मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में सोमवार को दो मंजिला निर्माणाधीन मकान गिरने से एक श्रमिक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण मकान ढह गया। मकान के स्लैब के नीचे फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए कटर का इस्तेमाल किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मकान में सो रहा था श्रमिक
गाड़ासरई पुलिस थाने के प्रभारी दुर्गा प्रसाद ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना मट्टा गांव में तड़के हुई और पुलिस को इसकी सूचना सुबह करीब पांच बजे मिली। अधिकारी ने बताया कि जिस समय घटना हुई श्रमिक निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि संभवत: बारिश के कारण मकान ढह गया। उन्होंने कहा, ‘‘सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मलबे में फंसे तीन श्रमिकों को बाहर निकाला।’’
पुलिस मामले की जांच में जूटी
अधिकारियों ने बताया कि मलबे को हटाने और निर्माणाधीन मकान के स्लैब के नीचे फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए कटर का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि यह मकान अयोध्या प्रसाद राय नामक व्यक्ति का है। अधिकारी ने बताया कि तीनों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनमें से एक की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान छोटू मोरध्वज (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
इनपुट- भाषा
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
