शहर

हापुड़ : भरभरा कर ढही स्कूल की जर्जर इमारत, बाल-बाल बची महिला; कैमरे में कैद हुआ मंजर

उत्तर प्रदेश के हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र स्थित छोटा बाजार प्राइमरी स्कूल की जर्जर इमारत अचानक ढह गई। गनीमत रही कि हादसे के दौरान वहां से गुजर रही एक बुजर्ग महिला की जान बच गई। हालांकि, वह मामली तौर पर घायल हो गई।

Image

हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर छोटा बाजार में गिरी स्कूल की जर्जर इमारत

हापुड़ : जिले में एक सरकारी स्कूल की जर्जर बिल्डिंग मंगलवार की सुबह भरभरा कर गिर गई। बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक महिला मलबे की चपेट में आने की वजह से मामूली रूप से घायल हुई है। स्कूल की बिल्डिंग को जर्जर होने की वजह से पहले से ही एहतियात बतौर बंद कर दिया गया था और यहां पढ़ने वाले बच्चों को काफी पहले ही दूसरी सुरक्षित जगह पर शिफ्ट करा दिया गया था। स्कूल की जर्जर बिल्डिंग गिरने की घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोग बेसिक शिक्षा विभाग की लापरवाही पर सवाल खड़े कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जर्जर बिल्डिंग को ध्वस्त किया जाना चाहिए था, जबकि कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।

जानकारी के अनुसार गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के छोटा बाजार में एक प्राइमरी स्कूल संचालित था। यहां स्कूल की बिल्डिंग काफी जर्जर हालत में थी, जिसको ध्यान में रखते हुए इस स्कूल को पास में ही दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया था और स्कूल की जर्जर बिल्डिंग को एहतियात बतौर बंद कर दिया गया था। लेकिन मंगलवार की सुबह स्कूल की खाली पड़ी जर्जर बिल्डिंग उस वक्त भरभरा कर गिर गई, जब एक महिला गली में रास्ते से होकर गुजर रही थी।

CCTV में कैद हुई घटना

स्कूल की बिल्डिंग गिरने की यह घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि बिल्डिंग एक पल में ही किस तरह से पूरी की पूरी भर भरा कर नीचे गिर गई और वहां से गुजर रही एक महिला मलबे की चपेट में आ सकती थी, लेकिन वो किसी तरह बच गई। घटना के बाद आसपास के लोग राहत और बचाव के लिए मौके की ओर दौड़े और उन्होंने घायल हुई महिला को मलबे से बाहर निकलते हुए उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना के बाद बेसिक शिक्षा विभाग की लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कहा जा रहा है कि जर्जर सरकारी स्कूल की बिल्डिंग को कई बार शिकायत करने के बावजूद भी ध्वस्त नहीं कराया जा रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!