कैंपस में हैवानियत: 3 सहेलियों ने की रैगिंग, प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न का आरोप; सदमे में छात्रा ने तोड़ा दम
- Authored by: varsha kushwaha
- Updated Jan 2, 2026, 05:23 PM IST
Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में डिग्री कॉलेज में पढ़ने वाली 19 वर्षीय छात्रा की रैगिंग, मानसिक और यौन उत्पीड़न बाद मौत हो गई है। मृतक छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीन क्लासमेट और प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
धर्मशाला में 19 वर्षीय छात्रा की रैगिंग, मानसिक और यौन उत्पीड़न बाद मौत
Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां डिग्री कॉलेज में पढ़ने वाली एक 19 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर रैगिंग, मानसिक और यौन उत्पीड़न के बाद दम तोड़ दिया। पीड़िता की मौत के बाद उसके पिता की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने 1 जनवरी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) और हिमाचल प्रदेश शैक्षणिक संस्थान (रैगिंग निषेध) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटे हुए हैं।
कैंपस में रैगिंग और उत्पीड़न का शिकार हुई छात्रा
पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया है कि उनकी बेटी डिग्री कॉलेज में सेकेंड ईयर की छात्रा थी और कॉलेज कैंपस में लंबे समय से रैगिंग और उत्पीड़न का शिकार हो रही थी। पिता का आरोप है कि 18 सितंबर 2025 को उसकी तीन क्लासमेट ने छात्रा पर हमला किया और उसे बुरी तरह डराया-धमकाया। दर्ज शिकायत में एक और चौंकाने वाला खुलासा किया गया है। इस शिकायत में कॉलेज के प्रोफेसर अशोक कुमार का नाम भी शामिल है। प्रोफेसर पर आरोप है कि वह छात्रा के साथ "आपत्तिजनक कृत्यों" और यौन उत्पीड़न में शामिल था। इस घटना से छात्रा मानिसक रूप से डिस्टर्ब होने लगी और डर के कारण उसकी सेहत लागातार खराब होती रही।
सात अस्पतालों में इलाज के बाद लुधियाना में तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, घटनाओं के बाद से ही छात्रा गहरे सदमे में थी, जिसके चलते उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए एक के बाद एक कुल सात अस्पतालों में ले जाया गया। अंत में, उसे लुधियाना के डीएमसी (DMC) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए 26 दिसंबर को उसने दम तोड़ दिया। देरी से शिकायत करने पर मृतक छात्रा के पिता ने बताया कि बेटी की गंभीर स्थिति और मानसिक पीड़ा के कारण वे तुरंत पुलिस को सूचित करने की स्थिति में नहीं थे।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
धर्मशाला के पुलिस अधीक्षक (SP) अशोक रतन ने प्राथमिकी की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच अभी शुरुआती चरण में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरुआत में शिकायत केवल लड़कियों के खिलाफ थी, लेकिन नए तथ्य सामने आने के बाद यौन उत्पीड़न की धाराएं जोड़ी गई हैं। एसपी ने कहा, "हम इस मामले की सक्रिय रूप से जांच कर रहे हैं और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित की जाएगी।" पुलिस ने यह भी साफ किया कि फिलहाल शिकायत में जाति-आधारित प्रताड़ना का कोई जिक्र नहीं है। आरोपी प्रोफेसर और तीनों छात्राओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
कॉलेज प्रशासन ने घटना से झाड़ा पल्ला
इस मामले को लेकर कॉलेज प्रशासन ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि वो कॉलेज के पहले साल में फेल हो गई थी। फेल होने के बाद भी वह दूसरे वर्ष में प्रवेश चाह रही थी। प्रशासन ने आगे कहा कि इसके अलावा छात्रा ने कॉलेज प्रशासन से आज तक किसी भी प्रकार की कोई शिकायत नहीं की है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।