शहर

Maharashtra TET Paper Leak: पेपर लीक का मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता बिहार से गिरफ्तार, भिवंडी पुलिस को मिली बड़ी सफलता

Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड बिजेंद्र कुमार गुप्ता को भिवंडी पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी को पुणे एयरपोर्ट लेकर पहुंची है, जहां से भिवंडी ले जाया जाएगा।

Image

आरोपी को पुणे एयरपोर्ट से लाया जा रहा भिवंडी

Photo : ANI

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में भिवंडी पुलिस और विशेष जांच टीम (SIT) को शनिवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महीनों से फरार चल रहे मामले के मुख्य आरोपी और अंतरराज्यीय पेपर लीक माफिया बिजेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी को फ्लाइट से पुणे एयरपोर्ट लेकर पहुंची है, जहां से उसे आगे की पूछताछ और कानूनी औपचारिकताओं के लिए भिवंडी लाया जा रहा है।

महीनों से चकमा दे रहा था पेपर माफिया

महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक, बिजेंद्र गुप्ता कई महीनों से पुलिस की पहुंच से दूर भागता फिर रहा था। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में छापेमारी की थी। आरोपी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया था। आखिरकार सटीक सूचना के आधार पर भिवंडी पुलिस की टीम ने बिहार में दबिश देकर उसे धर दबोचा। जांच एजेंसियों के अनुसार, बिजेंद्र गुप्ता का नेटवर्क सिर्फ महाराष्ट्र तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उस पर यूपी, बिहार और ओडिशा में भी प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक कराने के आरोप दर्ज हैं।

पत्नी समेत कई सहयोगी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले की जांच कर रही पुलिस और SIT इससे पहले बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन गुप्ता समेत कई अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोप था कि सुमन गुप्ता ही इस रैकेट से होने वाली कमाई का प्रबंधन करती थी और अपने पति को पुलिस से छिपाने में मदद कर रही थी। जांच में यह भी सामने आया है कि इस सिंडिकेट ने प्रिंटिंग प्रेस के कर्मचारियों से सांठगांठ कर परीक्षा के प्रश्नपत्र बाहर निकलवाए थे और उन्हें विभिन्न राज्यों के अभ्यर्थियों को भारी रकम में बेचने की साजिश रची थी। मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद अब महाराष्ट्र पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के कई और बड़े चेहरों, बिचौलियों और लेन-देन से जुड़ी अहम कड़ियों का पर्दाफाश होगा।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article