पंजाब के अमृतसर जिले के चीते कलां गांव में सोमवार शाम गोलीबारी की घटना में तीरथ सिंह की मौत हो गई,जबकि उनके साथ मौजूद दोस्त रंजीत सिंह घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे थे, तभी कुछ लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं। हमले में 7 से 8 राउंड फायरिंग की गई।
अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवलजीत सिंह चहल ने इस हमले को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घायल तीरथ सिंह को अस्पताल ले जाया गया,जहां उनकी मौत हो गई। उनके दोस्त रंजीत सिंह हमले में घायल हैं उनका इलाज जारी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने जांच की और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं।
पुरानी रंजिश में हमले की आशंका
एसएसपी के अनुसार, शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी निजी रंजिश सामने आई है। पुलिस ने कहा कि यह मामला गैंगवार का नहीं लगता। उन्होंने कहा कि हमले में शामिल बताए जा रहे लोगों के नाम सामने आए हैं और उनके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने जिन लोगों के नाम बताए हैं, उनमें गुरजीत सिंह, गुरजंत सिंह, हरकीर सिंह उर्फ हकी, गोरा नाम का व्यक्ति और गांव का नंबरदार शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।AAP से जुड़ा है मृतक का परिवार
एसएसपी ने बताया कि तीरथ सिंह का परिवार आम आदमी पार्टी से जुड़ा है। उनके भाई करेल सिंह ब्लॉक समिति के सदस्य हैं, जबकि उनकी मां गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
