Delhi Traffic Advisory AI Impact Summit 2026: दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' (India AI Impact Summit 2026) को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रगति मैदान के भारत मंडपम में होने वाले इस हाई-प्रोफाइल सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि और वीआईपी मेहमान शिरकत करेंगे। इसको लेकर दिल्ली की यातायात व्यवस्था के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है। दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, नई दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यदि आप इन दिनों घर से बाहर निकल रहे हैं, तो ट्रैफिक डायवर्जन और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी जरूर देख लें।
इन प्रमुख रास्तों पर रहेगी 'नो एंट्री'
सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली के कई मुख्य मार्गों पर सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित होगा या उन्हें डायवर्ट किया जाएगा। विशेष रूप से मथुरा रोड, सरदार पटेल मार्ग, और सी-हेक्सागन जैसे इलाकों में भारी सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट रहेगा।
इन रास्तों से बचें: मथुरा रोड (लोधी रोड फ्लाईओवर से सुब्रमण्यम भारती मार्ग), राजेश पायलट मार्ग, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, जनपथ, फिरोजशाह रोड, शांति पथ, सरदार पटेल मार्ग और लोधी रोड।
कनेक्टिंग रूट्स: रिंग रोड (बरार स्क्वायर से एम्स), NH-48 (रंगपुरी से धौला कुआं), राव तुला राम मार्ग और कनॉट प्लेस का आउटर सर्कल भी प्रभावित रहेगा।
प्रतिबंधित क्षेत्र: भैरो मार्ग और मथुरा रोड के कुछ हिस्सों पर वीआईपी काफिले के दौरान वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए सलाह
दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को रोका नहीं जाएगा, लेकिन उन्हें अधिक समय लेकर घर से निकलने और दिल्ली मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
रेलवे स्टेशन के लिए वैकल्पिक मार्ग:
नई दिल्ली स्टेशन: कश्मीरी गेट - रानी झांसी मार्ग - डीबीजी रोड का उपयोग करें या आश्रम चौक - रिंग रोड - जेएलएन मार्ग होकर जाएं।
पुरानी दिल्ली स्टेशन: कश्मीरी गेट - रिंग रोड - हनुमान मंदिर - एसपी मुखर्जी मार्ग का रास्ता अपनाएं।
हजरत निजामुद्दीन: एम्स - रिंग रोड - आश्रम चौक - मथुरा रोड वाला रूट खुला रहेगा।
एयरपोर्ट (T1, T2, T3) के लिए रास्ते:
गुरुग्राम से: NH-48 - राव गजराज सिंह मार्ग - पुराने दिल्ली गुरुग्राम रोड - UER II होकर T3 तक पहुंचें।
द्वारका से: सेक्टर-22 द्वारका रोड और UER-II (नई सुरंग) का उपयोग करें।
पश्चिम और उत्तर दिल्ली से: पंजाबी बाग - नजफगढ़ रोड - पंखा रोड - डाबरी-द्वारका रोड होकर जा सकते हैं।
छात्रों और बोर्ड परीक्षाओं के लिए विशेष इंतजाम
17 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू हो रही हैं। चूंकि 10 स्कूल वीआईपी रूट के पास स्थित हैं, इसलिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। छात्रों और स्टाफ को जाम में फंसने से बचाने के लिए स्कूलों को वैकल्पिक एक्सेस प्लान और अधिकारियों के संपर्क नंबर साझा किए गए हैं।
दिल्ली पुलिस की महत्वपूर्ण अपील
पुलिस का कहना है कि सड़कों पर संभावित भीड़भाड़ और सुरक्षा संबंधी डायवर्जन से बचने के लिए 'दिल्ली मेट्रो' का उपयोग सबसे सुलभ और समय बचाने वाला विकल्प है। इसके अलावा, यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी जगह, खास तौर पर एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन के लिए निकलते समय पर्याप्त अतिरिक्त समय ले कर ही निकलें। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए नागरिक दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट, सोशल मीडिया हैंडल या व्हाट्सएप नंबर (8750871493) के जरिए रियल-टाइम अपडेट हासिल कर सकते हैं। साथ ही, सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतते हुए किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1095 या 011-25844444 पर दी जा सकती है।
