शहर

दिल्ली के स्कूलों में फिर 'बम' का खौफ; ईमेल और कॉल के जरिए मिली ब्लास्ट की धमकियां, साइबर यूनिट जांच में जुटी

गुरुवार सुबह दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की अज्ञात धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तलाशी अभियान शुरू किया और एहतियात के तौर पर परिसरों को खाली कराया। इससे पहले बुधवार को द्वारका कोर्ट में भी इसी तरह का फर्जी ईमेल मिला था।

Image

सांकेतिक चित्र (PTI)

Photo : PTI

Delhi School Bomb Hoax: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह एक बार फिर कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। एमिटी और बिरला विद्या निकेतन समेत कई शिक्षण संस्थानों को अज्ञात कॉल और ईमेल के जरिए धमकी दी गई। बम की धमकी मिलने के बाद परिसर को खाली करवाया गया है और जांच की जा रही है। स्कूलों में एंटी-सबोटेज टीम, बम निरोधक दस्ता, स्थानीय पुलिस बल, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस सेवाएं और पीसीआर टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंच गई हैं।

पुलिस की अपील

पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी कि छात्रों, शिक्षकों, स्कूल स्टाफ और आम जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए जा चुके हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या कोई जानकारी मिले तो तुरंत 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।

कल भी मिली थी धमकी

द्वारका कोर्ट में भी बुधवार को ईमेल से बम की धमकी मिली थी। इस धमकी के बाद आनन-फानन में अदालत परिसर को खाली कराया गया और मौके पर पुलिस टीम और बम स्क्वॉड टीम पहुंची। हालांकि बाद में यह धमकी फर्जी निकली, जिसके बाद पुलिस टीम ने राहत की सांस ली। पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह द्वारका कोर्ट कॉम्प्लेक्स में बम की धमकी के बाद हड़कंप मच गया था। एहतियात के तौर पर बाद में इलाके को खाली कराया गया। बाद में धमकी अफवाह निकली। बम की धमकी वाला ईमेल सुबह करीब 9.30 बजे मिला था, लेकिन जांच कराने पर कुछ नहीं मिला था।

कई महीनों से आ रहे फर्जी कॉल्स

बीते कुछ महीनों से दिल्ली के स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों को पहले भी इस तरह के फर्जी मेल और कॉल मिलते रहे हैं। पिछले साल ऐसी कई फर्जी कॉल मिली थीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बुधवार को आई इन सूचनाओं का स्रोत क्या था। साइबर यूनिट की टीमें तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article