शहर

Delhi News: द्वारका में देर रात गोलीबारी से मचा हड़कंप; स्पेशल सेल के पुलिसकर्मी ने सरेआम की फायरिंग, एक मजदूर की मौत

दिल्ली के द्वारका इलाके में देर रात एक गंभीर गोलीबारी की घटना सामने आई है। स्पेशल सेल में तैनात एक पुलिसकर्मी पर फायरिंग करने का आरोप है, जिसमें दो मजदूर घायल हो गए। इनमें से एक की मौत हो गई है, जबकि दूसरा अस्पताल में इलाजरत है।

Image

देर रात द्वारका में खौफनाक वारदात

Photo : iStock

Delhi News: दिल्ली के द्वारका क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां स्पेशल सेल में तैनात एक पुलिसकर्मी ने अचानक गोलीबारी कर दी। इस फायरिंग में दो मजदूरों को गोली लग गई, जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गया। दिल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी तलाश तेज कर दी है और कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

आरोपी की तलाश जारी

पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है कि आखिर दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल में तैनात जवान ने खुलेआम फायरिंग क्यों की और उसने मजदूरों को ही निशाना क्यों बनाया। इस घटना के पीछे की वजह जानने के लिए कई टीमें लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं और जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी सिपाही किसी मानसिक तनाव या परेशानी से तो नहीं गुजर रहा था।

दोनों बाइक सवारों की पहचान

फायरिंग में मृतक की पहचान पांडव कुमार और घायल हुए व्यक्ति की पहचान किशन के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक, दोनों को तुरंत नजदीकी जाफरपुर कल स्थित राव तुलाराम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांडव कुमार को मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि पांडव कुमार के बाएं सीने में गोली लगी थी, जो उनकी मौत का कारण बनी।

बिहार के निवासी

घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हरी नगर स्थित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि उसे गोली बाईं तरफ पेट में लगी है। मृतक पांडव कुमार और घायल किशन दोनों के परिवार बिंदापुर इलाके में रहते हैं और मूल रूप से बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं। जाफरपुर कला थाना पुलिस आरोपी हेड कांस्टेबल की तलाश में लगातार जुटी हुई है।

मामले की जांच जारी

जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना जाफरपुर कला थाने से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई, और इसे रात करीब 2 बजे अंजाम दिया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शोरगुल सुनकर पास ही रहने वाला आरोपी हेड कांस्टेबल मौके पर पहुंचा और कथित तौर पर गुस्से में आकर फायरिंग कर दी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article