शहर

बिना इस्तीफा नहीं हटेंगे प्रदर्शनकारी, CJP का जंतर मंतर पर रातभर धरने का प्लान; दिल्ली पुलिस एक्शन को तैयार

सीजेपी समर्थकों का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने विरोध-प्रदर्शन वाली जगह की लाइटें बंद कर दी हैं, साथ ही पानी, खाने और वॉशरूम तक पहुँचने पर भी रोक लगा दी है। उनकी सुरक्षा के लिए गंभीर ख़तरा भी पैदा होता दिख रहा है। उन्होंने कहा जबतक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते तबतक प्रदर्शन जारी रहेगा।

Image

CJP का जंतर मंतर पर रातभर धरने का प्लान

दिल्ली : युवाओं के नेतृत्व वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शनिवार रात तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। हालांकि, पुलिस ने निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद धरना स्थल खाली करने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद अभिजीत दीपके की मौजूदगी में प्रदर्शनकारी रातभर डटे रहने की बात कर रहे हैं। दीपके ने स्पष्ट तौर पर कहा कि जबतक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने तीसरी बार लाउडस्पीकर के जरिए चेतावनी जारी करते हुए प्रदर्शन समाप्त कर निर्धारित स्थल खाली करने को कहा है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं हैं। पुलिस ने प्रदर्शन को अवैध करार देते हुए एक्शन लेने की बात कही है। कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से शाम 5 बजे तक धरने की अनुमति थी। लिहाजा शांतिपूर्वक धरने को खत्म कर अपने स्थानों को लौट जाएं। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी डटे हुए हैं।

दिल्ली पुलिस पर लगे गंभीर आरोप

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने विरोध-प्रदर्शन वाली जगह की लाइटें बंद कर दी हैं, साथ ही पानी, खाने और वॉशरूम तक पहुंचने पर भी रोक लगा दी है। वे न सिर्फ़ बुनियादी अधिकारों से वंचित कर रहे हैं, बल्कि सुरक्षा के लिए गंभीर ख़तरा भी पैदा कर रहे हैं। शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे छात्रों को ज़रूरी सुविधाओं से महरूम किया जा रहा है, और प्रदर्शन स्थल पर अंधेरा करने से ख़तरा बढ़ जाता है, खासकर महिला छात्रों के लिए। छात्रों को जवाब मिलने चाहिए, न कि उन्हें डराया-धमकाया जाना चाहिए।

इस प्रदर्शन में कथित परीक्षा अनियमितताओं, बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं और सरकार से जवाबदेही की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र और पार्टी के समर्थक शामिल हुए हैं। प्रदर्शन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है। इस दौरान छात्रों ने नारेबाजी की और पारदर्शी परीक्षाएं सुनिश्चित करने तथा अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा करने में सरकार के कथित तौर पर विफल रहने को लेकर पोस्टर लहराए।

कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके के आह्वान पर समर्थक थाली और चम्मच लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारी थाली और चम्मच बजाते रहे। प्रदर्शनकारियों ने ’’धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’’ के नारे भी लगाए और परीक्षा प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही की अपनी मांग दोहरा रहे हैं। दीपके ने कहा कि वे छात्रों के सामने आने वाली समस्याओं का समाधान चाहते हैं। हम यहां छात्रों की समस्याओं का समाधान करने आए हैं।

प्रदर्शन से पहले दीपके ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक खुला पत्र लिखकर छात्रों द्वारा उठाई गई चिंताओं को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की थी। हालांकि पत्र में जिम्मेदारी तय करने की बात कही गई थी, लेकिन कॉजपा परीक्षा संबंधी मुद्दों से निपटने के तरीके को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग करती रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article